Home News Posts उत्तराखंड राजस्थान के बदमाशों की दून पुलिस से मुठभेड़, दो गिरफ्तार

राजस्थान के बदमाशों की दून पुलिस से मुठभेड़, दो गिरफ्तार

0
41
  • एक घायल, दूसरा पीछा करके दबोचा
  • दो तमंचे व कारतूस बरामद

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज तड़के सुबह पुलिस की सजगता से राजस्थान के दो अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। नयागांव क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। पुलिस अब फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में तेजी से छापेमारी कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह नयागांव चौकी बैरियर पर सघन वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर प्लेट वाली स्विफ्ट कार में सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मार दी और सेलाकुई की ओर भाग निकले। जिस पर पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा किया। इस पर बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर होते हुए रामगढ़ के रपटे वाले इलाके तक पहुंचे। यहां उन्होंने कार छोड़कर नदी की तरफ भागने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। दूसरे बदमाश को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल और अस्पताल जाकर पूरी जानकारी ली और आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए। देहरादून पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार तीन बदमाशों की धरपकड़ के लिए कई टीमों को मैदान में उतारा है। वहीं गिरफ्तार किये गये बदमाशों के नाम रिंकू मीणा पुत्र सियाराम निवासी ग्राम अखरोट तहसील मण्डावर थाना मण्डावर जिला दौसा राजस्थान व विनोद कुमार मीणा पुत्र रामलाल मीणा निवासी ग्राम व पोस्ट झारेड़ा तहसील हिंडौन सिटी जिला करौली राजस्थान बताये जा रहे है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल बदमाश रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या सहित कई संगीन अपराध दर्ज है। वहीं दूसरे बदमाश विनोद मीणा के खिलाफ भी राजस्थान मे कई संगीन अपराध दर्ज है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here