- मौसम विभाग ने जारी किया था बारिश का अलर्ट
- पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक हो रही है बारिश
- पहाड़ से मैदान तक ठंडी हवाओं से मौसम हुआ कूल
देहरादून। पहाड़ से मैदान तक मौसम ने करवट बदली इससे पूरे उत्तराखंड में बारिश हो रही है और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। इससे जहां तापमान में भारी गिरावट आयी है। वही लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए है। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने उत्तराखंड में आरेंज अलर्ट जारी किया था, जो सही साबित हुआ।
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अप्रैल में हो रही बारिश से लोग आश्चर्यचकित हैं। पहाड़ के ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हो रही है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी जिलों में रात से ही बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो रही है। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में भी बर्फबारी हो रही है। बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है और लोगों ने बंद किए गए गर्म कपडे़ फिर से निकाल लिए है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों सहित पूरे प्रदेश में बारिश हो रही है और 3000 मीटर और इससे ऊंचाई पर स्थित स्थानों पर बर्फबारी हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव के पीछे मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। इसके साथ ही हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं ने तापमान में और गिरावट ला दी।
मौसम रहेगा बदला-बदला
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।




