परिणाम से पहले ही भाजपा में भारी हलचल

0
603

चुनाव परिणाम आते ही होगा बड़ा फेरबदल
अंतर्कलह व भितरघात ने बढ़ाई चिंता

देहरादून। मतदान के बाद प्रदेश भाजपा के नेताओं द्वारा अपनी ही पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर जो आरोप लगाए जाते रहे हैं उससे पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी सहज हो गया है। लगातार आ रही शिकायतों को लेकर भले ही अभी कोई एक्शन नहीं लिया गया हो लेकिन 10 मार्च को आने वाले चुनाव परिणाम के साथ ही प्रदेश भाजपा में बड़ा परिवर्तन तय माना जा रहा है।
अपनी ही पार्टी प्रत्याशियों और पूर्व विधायकों के द्वारा अपनी ही पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर भितरघात के जो आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं, उसे केंद्रीय नेतृत्व और संगठन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। यह बात अलग है कि अभी हाईकमान इन आरोपों की सत्यता परखने और चुनावी नतीजों के इंतजार में है लेकिन चुनाव परिणाम भले ही कुछ भी रहे प्रदेश भाजपा में परिणाम के बाद एक बड़ा ऑपरेशन तय माना जा रहा है। हाईकमान को भी भितरघात की खबरों के बीच चुनाव के बहुत अच्छे नतीजों की भी उम्मीद कम ही है। यही कारण है उसने अभी से किसी भी स्थिति में क्या करना है इसकी रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है।
पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक के बाद अब सीएम धामी का दिल्ली दौरा और हाईकमान से मुलाकात का मतलब इन्हीं सब मुद्दों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर जिस तरह के आरोप लग रहे हैं ऐसी स्थिति में उनका अब इस पद पर बने रहना मुश्किल ही लग रहा है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा अभी भाजपा की सत्ता में वापसी और सत्ता से बाहर होने जैसी स्थितियों के स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन वह पार्टी के पूर्व सीएम व वर्तमान सीएम के साथ—साथ अन्य नेताओं से भी संगठन में बदलाव व संभावी चुनाव परिणामों पर फीडबैक लेने में लगे हुए हैं। 2017 के चुनाव में बंपर बहुमत के साथ सत्ता में पहुंचने के बावजूद भाजपा सरकार के काम का संतोषजनक न रहना और अब चुनाव में आपसी खींचतान और भितरघात से पार्टी को नुकसान पहुंचाने जैसी बातों से भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व खासा नाराज है।
सूत्रों से मिलने वाली खबरें बता रही है कि चुनाव परिणाम भले ही कुछ भी रहे लेकिन नतीजे आते ही बड़ा बदलाव होते हैं और इसकी अभी से तैयारियां कर ली गई है। क्योंकि भाजपा के लिए 2024 के आम चुनाव के मद्देनजर वर्तमान स्थिति को ठीक नहीं माना जा सकता है। वैसे भी 2023 में प्रदेश भाजपा का संगठन चुनाव होना ही है लेकिन इसका इंतजार भाजपा नहीं करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here