उत्तरकाशी। पुलिस ने कुख्यात महिला ड्रग माफिया को दून से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ ड्रग तस्करी के एक दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे ट्टऑपरेशन प्रहार’ एवं ट्टड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित कुख्यात महिला ड्रग माफिया एवं गैंगस्टर मेहराज को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। माह अप्रैल 2026 में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस द्वारा अवैध स्मैक की तस्करी करते हुए विनोद लाल एवं शुभम नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ एवं जांच के दौरान प्रकाश में आया कि दोनों आरोपी स्मैक की खरीदारी उक्त महिला आरोपी से करते थे। मामले में मेहराज की संलिप्तता पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी, जिसके चलते पुलिस को उसकी तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के उपरांत पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी, जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी, दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना संकलित कर दबिश देते हुए आरोपी को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी लंबे समय से स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रही है। उसके विरुद्ध देहरादून एवं उत्तरकाशी जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम एवं अन्य धाराओं में अनेक मुकदमें पंजीकृत हैं। देहरादून पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।




