Home News Posts उत्तराखंड निठारी कांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या!

निठारी कांड के मुख्य आरोपी सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या!

0
21

हरिद्वार/देहरादून। बहुचर्चित निठारी कांड से जुड़े सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भूपतवाला क्षेत्र में स्थित उसकी चाय की दुकान पर उसका शव मिला। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और वहां चाय की दुकान चला रहा था।
विदित हो कि सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 में सामने आए नोएडा के निठारी कांड के कारण देशभर में चर्चा में आया था। नोएडा के सेक्टर—31 स्थित निठारी में बच्चों और महिलाओं के लापता होने के मामले ने उस समय पूरे देश को झकझोर दिया था। 29 दिसंबर 2006 को डी—5 कोठी के आसपास मानव अवशेष मिलने के बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था। सुरेंद्र कोली उस समय निठारी स्थित डी—5 कोठी में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। यह कोठी कारोबारी मनिंदर सिंह पंढेर की थी। बाद में निठारी कांड से जुड़े कई मुकदमों में कोली को आरोपी बनाया गया और उसे लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा। निठारी कांड में सुरेंद्र कोली को निचली अदालत से फांसी की सजा सुनाई गई थी। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कई मामलों में उसे दोषमुक्त कर दिया। वर्ष 2023 में भी हाईकोर्ट के फैसले के बाद कोली और मनिंदर सिंह पंढेर की रिहाई का रास्ता साफ होने की खबर सामने आई थी। इसके बाद 11 नवंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने निठारी कांड से जुड़े अंतिम लंबित मामले में भी सुरेंद्र कोली की दोषसिद्धि रद्द कर दी। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी क्यूरेटिव याचिका स्वीकार करते हुए उसे बरी कर दिया था। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रह रहा था और वहां चाय की दुकान चला रहा था। आज सुबह उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में उसकी मौत की सूचना सामने आई। पुलिस के मुताबिक घटना सप्त सरोवर रोड, लालमाता मंदिर के सामने स्थित चाय की दुकान पर हुई। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शव की पहचान सुरेंद्र कोली के रूप में की गई और उसके अल्मोड़ा निवासी स्वजनों को सूचना दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here