लोकसभा चुनाव की घोषणाः उत्तराखंड में 19 अप्रैल को होगा मतदान

0
470

  • देशभर से 4 जून को आएंगे परिणाम

नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने चुनावी रणभेरी बजा दी है। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की सरकार को चुनने के लिए सात चरणों में वोट डाले जाएंगे। उत्तराखंड में पहले चरण में 19 अप्रैल को एक साथ मतदान होगा। देशभर में 4 जून को मतगणना को होगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के साथ ही देशभर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
आज दोपहर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयुक्त ज्ञानेश कुमार व सुखबीर सिंह संधू की मौजूदगी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव तारीखों की घोषणा की। 16 जून को 17वीं लोकसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। 26 विधानसभा का उपचुनाव होना है। यह उपचुनाव लोकसभा चुनाव के साथ होगे। सिक्किम, उड़ीसा, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव के साथ होगा। लोकसभा की 543 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया 7 चरणो में संपन्न होगी। उत्तराखंड में 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि देशभर में कुल लगभग 97 करोड़ मतदाता हैं। इनमे 1.82 करोड़ युवा मतदाता पहली बार वोट करेंगे। इनमे 18 से 21 वर्ष की 85 लाख युवतियां वोटर हैं। 21 करोड़ से ज्यादा वोटर 18 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के युवा हैं। 82 लाख मतदाता 85 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। ये वृद्ध मतदाता घर से वोट कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि देश में कुल मतदाताओं में 49.72 करोड़ पुरुष और 47.10 करोड़ महिला हैं। 12 राज्यों में महिला वोटर्स पुरुषों के मुकाबले ज्यादा हैं। मतदान के लिए देशभर में 55 लाख से ज्यादा ईवीएम का इस्तेमाल होगा। निष्पक्ष चुनाव के लिए 2100 आब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि बाहुबल और हिंसा को रोकने के लिए प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम बनेंगे। इसके लिए डीएम—एसएसपी को सख्त हिदायत दी गई है। डीएम को कहा है कि 3 साल से अधिक वाले सारे स्टाफ को बदलें। अनुबंधित स्टाफ नहीं लगाया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर से सटे क्षेत्रों में निगरानी के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल होगा। हिंसामुक्त चुनाव के लिए आयोग प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों को बता दिया गया है कि हेट स्पीच, धार्मिक स्पीच और व्यक्तिगत आक्षेप पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here