पाकिस्तान में हिंदू डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, सिर में लगी दो गोली

0
323

कराची। पाकिस्तान में एक और हिंदू डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना में हिंदू डॉक्टर के सहायक घायल हुए हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कराची नगर निगम के सेवानिवृत्त निदेशक और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बीरबल जेनानी की ल्यारी एक्सप्रेसवे के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उनके सहायक डॉक्टर क़ुरत-उल-ऐन घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम शहर के गार्डन इलाके में अपने निजी क्लिनिक से बाहर निकलते समय हथियारबंद हमलावरों ने डॉक्टर की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें मार डाला। पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टारगेट किलिंग का मामला होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर बीरबल के सिर में दो गोलियां लगी थी। शाम 6:46 बजे जब डॉक्टर बीरबल को अस्पताल लाया गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, डॉक्टर बीरबल के साथी डॉक्टर कुरुतुलैन के कंधे में गोली लगी है, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। दक्षिण पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) इरफान अली बलोच ने बताया कि यह घटना लक्षित हत्या प्रतीत होती है लेकिन अभी तक सटीक मकसद का पता नहीं चल पाया है। वहीं, एसएसपी आरिफ अजीज ने बताया कि डॉक्टर बीरबल अपने सहायक को रोजाना घर छोड़ते थे। घटना के संबंध में घायल से पूछताछ की जा रही है। इस बीच, पाकिस्तान मेडिकल एसोसिएशन (पीएमए) के महासचिव डॉक्टर अब्दुल गफूर शोरो ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ बीरबल ने ल्यारी में स्पेंसर आई अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक और केएमसी की स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक के रूप में काम किया था। पाकिस्तान में इस महीने हिंदू डॉक्टर पर हमले का यह दूसरा मामला है। इससे पहले इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान के हैदराबाद के डॉक्टर धर्म देव राठी को उनके ड्राइवर ने उनके घर के अंदर कथित तौर पर मार डाला था। पुलिस ने पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट द नेशन को बताया कि ड्राइवर ने चाकू से डॉक्टर का गला काट दिया गया था। पुलिस ने धर्म देव राठी के ड्राइवर को खैरपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया और उसकी पहचान हनीफ लेघारी के रूप में की। डॉक्टर के रसोइए ने पुलिस को बताया कि घर जाते समय दोनों में कहासुनी हो गई। घर पहुंचने के बाद, ड्राइवर ने कथित तौर पर रसोई से चाकू लिया और अपने ही घर में डॉक्टर की हत्या कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here