Home News Posts उत्तराखंड हर—हर महादेव

हर—हर महादेव

0
299

  • शिवालयों में उमड़ा शिव भक्तों का सैलाब
  • सीएम धामी ने सपत्नी की शिव आराधना

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में आज चंहु ओर हर हर महादेव की अनुगंूज से वातावरण शिव मय हो गया है। महाशिवरात्रि पर अपने आराध्य महादेव की पूजा अर्चना के लिए सभी शिवालयों में श्रद्धा का समुंदर उमड़ता दिखा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी आज खटीमा के प्रसिद्ध वनखंडी महादेव मंदिर में सपत्नी शिव आराधना में लीन दिखाई दिए।
सूबे की राजधानी देहरादून के टपकेश्वर मंदिर, पृथ्वीनाथ मंदिर, पंचायती मंदिर तथा मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर और तपोवन स्थित महेश्वर मंदिर में आज श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती दिखी। गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की बीते कल शाम से ही तमाम शिव मंदिरों के बाहर लंबी—लंबी कतारे लगनी शुरू हो गई थी। मध्य रात्रि से शुरू हुए जलाभिषेक के लिए देर शाम तक लोगों का तांता लगा रहा। हाथों में पूजा की सामग्री और फल—फूल लिए भक्त अपनी बारी के इंतजार में घंटों लाइनों में खड़े रहे। तथा पूजा अर्चना का अवसर पाकर स्वयं को धन्य महसूस करने लगे।


हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में इस अवसर पर अपार श्रद्धा का सैलाब उमड़ता दिखा। यहां कई कलोमीटर लंबी लाइन दिखाई दी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आज के ही दिन भगवान शिव ने माता पार्वती के साथ विवाह किया था। कहा जाता है कि मां पार्वती का मायका दक्षेश्वर में ही था इसलिए दक्षेश्वर महादेव के इस शिव मंदिर का विशेष महत्व है। यहां महादेव का जलाभिषेक कर भक्त जो भी कामना करते हैं वह अवश्य ही पूरी होती है।
आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खटीमा के प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिर वनखंडी मेंं अपनी पत्नी के साथ शिव आराधना की। उधर अल्मोड़ा से प्राप्त समाचार के अनुसार यहां जागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा अर्चना की गई। चमोली से प्राप्त समाचार के अनुसार यहां गोपीनाथ मंदिर में आज भक्तों की भारी भीड़ रही। आज पूरे प्रदेश में धूमधाम से महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here