Home News Posts उत्तराखंड पिता की वर्दी का रौब झाड़ना युवक को पड़ा महंगा, कार सीज

पिता की वर्दी का रौब झाड़ना युवक को पड़ा महंगा, कार सीज

0
12

देहरादून। मसूरी में पिता की वर्दी का रौब झाड़ना एक युवक का भारी पड़ गया। युवक अपने पिता की पुलिस वर्दी और पी—कैप का इस्तेमाल कर टोल टैक्स, पार्किंग और अन्य जगहों पर फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था। युवक शराब के नशे में वाहन चलाता भी मिला, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसकी कार सीज कर दी है।
चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के दौरान यह मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार,यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लाइब्रेरी चौक पर यूपी नंबर की एक वैगनआर कार पुलिस को संदिग्ध लगी। कार के डैशबोर्ड पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पी—कैप रखी हुई थी, जबकि पीछे की सीट पर उपनिरीक्षक की वर्दी टंगी हुई थी। पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो चालक की पहचान विनय सिंह निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं। युवक ने स्वीकार किया कि वह टोल टैक्स, पार्किंग और अन्य स्थानों पर पुलिसकर्मी होने का प्रभाव दिखाने के लिए अपने साथ पुलिस वर्दी और पी—कैप लेकर चलता था। जांच में युवक शराब के नशे में वाहन चलाता हुआ पाया गया। कार में उसके तीन अन्य साथी भी मौजूद थे। युवक ने पुलिस से माफी मांगी, लेकिन पुलिस ने नियमों के उल्लंघन और ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here