उधमसिंहनगर। रूद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। गावा चौक के पास कार सवार युवक पर दो राउंड फायरिंग की गई। हमले में युवक बाल—बाल बच गया, जबकि गोलियां कार के शीशों को चीरती हुई निकल गईं और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़ित एशप्रीत सिंह निवासी ग्राम दिबदिबा, थाना बिलासपुर (रामपुर, यूपी) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात वह अपने दोस्तों गुरदीप सिंह और अर्जुन सिंह के साथ रुद्रपुर आया था। इसी दौरान गावा चौक के पास पहले से मौजूद जितेंद्र चौधरी उर्फ विरथ चौधरी ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर दो बार फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा—तफरी मच गई। पीड़ित ने कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। दोनों गोलियां कार के शीशों पर जा लगीं।
घटना के बाद पीड़ित ने कार कोतवाली परिसर में खड़ी कर दी, जहां वाहन पर गोली लगने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल एसएस अनिल जोशी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




