Home News Posts पीएम मोदी को जन्मदिन पर फिल्मी सितारों ने दी बधाई-शुभकामनाएं

पीएम मोदी को जन्मदिन पर फिल्मी सितारों ने दी बधाई-शुभकामनाएं

0
20

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी प्रधानमंत्री को बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। राजनीति और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों के साथ फिल्म जगत के कई सितारों ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
अक्षय कुमार, चिरंजीवी, शत्रुघ्न सिन्हा, कंगना रनौत, अनुपम खेर, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल और रणदीप हुड्डा समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। अधिकांश कलाकारों ने उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और देशसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
अभिनेता अक्षय कुमार ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए लोगों से सेवा भावना के साथ उनका जन्मदिन मनाने की अपील की। उन्होंने जरूरतमंदों की मदद करने और किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने को इस अवसर को मनाने का बेहतर तरीका बताया।
दक्षिण भारतीय सिनेमा के अभिनेता चिरंजीवी ने प्रधानमंत्री के सफर को दृढ़ संकल्प, अनुशासन और राष्ट्रसेवा से जोड़ते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और आने वाले वर्षों के लिए शक्ति की कामना की।
अभिनेता एवं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री को एक दिन पहले ही जन्मदिन की बधाई दे दी थी। उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उन्होंने पहले शुभकामना इसलिए दी, ताकि जन्मदिन के दिन आने वाले संदेशों के बीच उनकी बधाई दब न जाए।
अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने संस्कृत श्लोक के साथ प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए देशसेवा के लिए उन्हें शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
अभिनेता अनुपम खेर ने प्रधानमंत्री से हुई अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के अनुशासन, मेहनत और देश के प्रति समर्पण का उल्लेख किया तथा उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रधानमंत्री की तस्वीर साझा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेता परेश रावल ने एक्स पर प्रधानमंत्री की लंबी और स्वस्थ उम्र की कामना की। वहीं, रणदीप हुड्डा ने भी प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर साझा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here