Home News Posts हिरासत में दंपती से मारपीट के आरोप पर बवाल, थाने पर पथराव

हिरासत में दंपती से मारपीट के आरोप पर बवाल, थाने पर पथराव

0
23

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरणापुर थाने में गर्भवती महिला और उसके पति से पुलिस हिरासत में कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। घटना के विरोध में मौरार माली समाज और स्थानीय ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। इस दौरान भीड़ ने मुख्य गेट तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर किया।
पथराव में एसडीओपी दीपक तोमर सहित कई पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट के चालक के घायल होने की जानकारी है। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया।
मामला किरणापुर के नागू टोला स्थित डाकघर से 14 हजार रुपये की चोरी की शिकायत से जुड़ा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और संदेह के आधार पर कैलाश चौधरी और उनकी गर्भवती पत्नी सावित्री चौधरी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। दंपती ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई, कपड़े उतरवाए गए और मारपीट की गई। न्यायिक हिरासत से बाहर आने के बाद दोनों ने पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर कथित बर्बरता की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया। घटना की जांच के लिए महिला डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। टीम को 15 दिन में प्राथमिक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here