Home उत्तराखंड देहरादून पेपर लीक माफिया पर स्ट्राइक

पेपर लीक माफिया पर स्ट्राइक

0
41

देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक माफिया के खिलाफ आखिरकार संसद ने सख्त संदेश देने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पारित होना केवल एक विधायी प्रक्रिया नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों के संघर्ष और आक्रोश की प्रतिध्वनि है, जिन्होंने वर्षों तक मेहनत की, लेकिन कुछ संगठित गिरोहों और भ्रष्ट तंत्र की वजह से उनका भविष्य दांव पर लग गया। पिछले कुछ वर्षों में शायद ही कोई ऐसा वर्ष बीता हो जब किसी न किसी भर्ती परीक्षा या प्रतियोगी परीक्षा के पेपर लीक होने की खबर सामने न आई हो। कभी पुलिस भर्ती, कभी शिक्षक भर्ती, कभी पटवारी, कभी मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाएं, तो कभी अन्य केंद्रीय और राज्य स्तरीय परीक्षाएंकृलगातार सामने आए मामलों ने युवाओं का भरोसा परीक्षा प्रणाली से हिला दिया। लाखों अभ्यर्थियों की वर्षों की तैयारी कुछ घंटों में बेकार हो जाती थी, जबकि असली लाभ संगठित अपराध के उन नेटवर्कों को मिलता था, जिन्होंने शिक्षा और रोजगार को कमाई का धंधा बना दिया। यही कारण है कि एंटी पेपर लीक कानून को लंबे समय से जरूरी माना जा रहा था। सरकार का दावा है कि नया कानून पेपर लीक कराने वालों, प्रश्नपत्र खरीदने-बेचने वाले गिरोहों, तकनीकी माध्यमों से परीक्षा में धांधली करने वालों और ऐसे अपराध में शामिल संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। यदि कानून का क्रियान्वयन प्रभावी हुआ, तो यह परीक्षा माफिया के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। लेकिन केवल कठोर सजा किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होती। देश में पहले भी कई कानून बने, पर अपराध पूरी तरह समाप्त नहीं हुए। सवाल यह है कि क्या परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही भी उतनी ही सख्त होगी? यदि प्रश्नपत्र सुरक्षित रखने, डिजिटल सुरक्षा, डेटा प्रबंधन और परीक्षा केंद्रों की निगरानी में लापरवाही होती है, तो केवल अपराधियों को दंडित करने से व्यवस्था में भरोसा पूरी तरह बहाल नहीं होगा। असल समस्या कानून से पहले व्यवस्था की है। पेपर लीक की अधिकांश घटनाओं में सामने आया कि कहीं न कहीं सिस्टम के भीतर से जानकारी बाहर गई, सुरक्षा में सेंध लगी या कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत रही। यदि प्रशासनिक जवाबदेही तय नहीं होगी, तो नए कानून का प्रभाव सीमित रह सकता है। इस कानून के साथ सरकार को परीक्षा सुधार का व्यापक एजेंडा भी लागू करना चाहिए। आधुनिक एन्क्रिप्शन, सुरक्षित डिजिटल प्रश्नपत्र वितरण, बायोमेट्रिक सत्यापन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निगरानी, परीक्षा केंद्रों का स्वतंत्र आडिट और समयबद्ध जांच जैसी व्यवस्थाएं अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुकी हैं। जितनी तेजी से अपराधी तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे कहीं अधिक तेजी से परीक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाना होगा। इस पूरे मुद्दे का सबसे संवेदनशील पक्ष युवाओं का विश्वास है। पेपर लीक केवल एक परीक्षा रद्द नहीं करता, बल्कि लाखों युवाओं के मन में यह सवाल पैदा करता है कि क्या मेहनत का कोई मूल्य बचा है? जब बार-बार परीक्षाएं निरस्त होती हैं, भर्ती वर्षों तक लटकती है और दोषियों पर कार्रवाई में देरी होती है, तब निराशा बढ़ती है। यही निराशा कई बार सामाजिक असंतोष और व्यापक विरोध प्रदर्शनों का कारण भी बनती है। विशेष रूप से उत्तराखंड जैसे राज्यों का अनुभव बताता है कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने युवाओं के भीतर गहरा अविश्वास पैदा किया। सड़कों पर प्रदर्शन हुए, जांच एजेंसियां सक्रिय हुईं और कई गिरफ्तारियां भी हुईं। इससे यह स्पष्ट है कि समस्या केवल कानून की कमी नहीं थी, बल्कि व्यवस्था की कमजोरियों की भी थी। इसलिए अब देश की नजर इस बात पर होगी कि नया कानून जमीन पर कितना प्रभावी साबित होता है। राजनीतिक दलों को भी इस विषय पर आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठना होगा। पेपर लीक किसी एक सरकार या एक राज्य की समस्या नहीं है। यह राष्ट्रीय स्तर की चुनौती है। यदि संसद इस मुद्दे पर एकमत होकर युवाओं के हित में मजबूत कानून बनाती है, तो यह लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। लेकिन कानून बनने के बाद उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी पालना ही उसकी असली परीक्षा होगी। युवाओं की सबसे बड़ी अपेक्षा केवल कठोर सजा नहीं, बल्कि निष्पक्ष अवसर है। उन्हें यह भरोसा चाहिए कि परीक्षा में उनकी सफलता का आधार केवल उनकी मेहनत होगी, न कि किसी गिरोह की पहुंच या पैसे का प्रभाव। यही किसी भी लोकतांत्रिक और मेरिट आधारित व्यवस्था की पहचान है। लोकसभा ने कानून पारित कर अपना दायित्व निभा दिया है। अब बारी सरकार, परीक्षा एजेंसियों, जांच संस्थाओं और राज्यों की है कि वे यह साबित करें कि भारत में प्रतिभा बिकाऊ नहीं है और युवाओं के सपनों की कीमत किसी पेपर लीक माफिया से कम नहीं। जिस दिन एक भी अभ्यर्थी को यह विश्वास हो जाएगा कि उसकी मेहनत सुरक्षित है, उसी दिन इस कानून की वास्तविक सफलता मानी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here