Home News Posts सरकारी डॉक्टर से घूस लेने के आरोप में ईडी अधिकारी गिरफ्तार

सरकारी डॉक्टर से घूस लेने के आरोप में ईडी अधिकारी गिरफ्तार

0
534


नई दिल्ली। तमिलनाडु पुलिस ने प्रवर्तन निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी अंकित तिवारी को घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मदुरई हाईवे पर डिंडीगुल हाईवे पर 8 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तमिलनाडु पुलिस ने अंकित तिवारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए जाने के बाद अंकित तिवारी को 15 दिसंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय के अधिकारियों ने मदुरै स्थित ईडी के उप-विभागीय कार्यालय में छापेमारी की और अंकित तिवारी के घर पर भी छापेमारी की। अंकित तिवारी 2016 बैच के अधिकारी हैं, उन्होंने इससे पहले गुजरात और मध्य प्रदेश में अपनी सेवाएं दी हैं। फिलहाल वह मदुरै में तैनात थे। उनपर आरोप है कि उन्होंने डिंडीगुल के सरकारी डॉक्टर से 20 लाख रुपए की घूस ली थी। पुलिस ने ईडी के अधिकारी को रंगे हाथ 20 लाख रुपए लेते हुए गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि ईडी अधिकारी अंकित तिवारी को जब रोका गया तो वह महाराष्ट्र रजिस्ट्रेशन नंबर की कार से 20 लाख रुपए लेकर वहां से भागने लगे। इस दौरान उनका पीछा गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मदुरै स्थित ईडी के सब जोनल ऑफिस में सीआरपीएफ की टीम को तैनात कर दिया गया है। यहां ईडी के अधिकारी अंकित तिवारी की गिरफ्तारी के बाद डीवीएसी की टीम छापेमारी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here