विकास योजनाओं पर सीएम धामी की केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा

0
237

सीमांत गांव व स्मार्ट पुलिसिंग पर फोकस

यूनिफॉर्म सिविल कोड पर भी वार्ता
चुनाव प्रचार को जाएंगे हिमाचल

नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह जो बीते तीन दिनों से दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। उन्हें उम्मीद है कि केंद्रीय नेतृत्व उनकी उन तमाम मांगों पर स्वीकृति की मुहर लगा देगा जिनकी राज्य के विकास के लिए दरकार है। इसी उम्मीद को लेकर आज वह पीएम सहित कई अन्य मंत्रियों से मुलाकात करने वाले हैं।
इस बाबत आज उत्तराखंड भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि राज्य में स्मार्ट पुलिसिंग समय की जरूरत है तथा आंतरिक सुरक्षा के मद्देनजर राज्य के सीमांत गांवों के विकास पर उनका फोकस है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक पर्यटन राज्य होने के साथ—साथ ऊर्जा की अपरिमित संभावनाएं रखता है। राज्य की दर्जनों परियोजनाएं अधर में लटकी हुई है जिन पर काम आगे बढ़ाने के लिए केंद्र के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा राज्य यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने पर काम चल रहा है और भी ऐसे कई मुद्दे हैं जिन पर केंद्रीय नेतृत्व से वह चर्चा करने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार का भरपूर समर्थन उनकी सरकार व राज्य को मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार से जो भी अपेक्षाएं रखते हैं वह पूरी अवश्य होंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हम उत्तराखंड को राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का राज्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं अगला दशक उत्तराखंड के विकास का दशक होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद इस साल का यात्रा सीजन अत्यंत अच्छा रहा है सरकार की आय बढ़ने के साथ व्यापार में भी भारी बढ़ोतरी हुई है हम उम्मीद करते हैं आने वाले समय में पर्यटन से राज्य को अच्छी आय होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हिमाचल के चुनाव में भी प्रचार की जिम्मेवारी सौंपी गई है। उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है तथा वह दिल्ली से हिमाचल प्रदेश जाएंगे जहां उनका तीन जनसभाओं में संबोधन होगा जो चौपाल, पच्छाद और पावटा में होने वाली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here