चारधाम यात्रा में व्यवसायिक वाहनों को मिलेगा ग्रीन कार्ड: डीजीपी

0
641

देहरादून। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान परिवहन विभाग द्वारा व्यवसायिक वाहनों को ग्रीन कार्ड दिया जायेगा जिसके बाद पुलिस उनके कागजात की जांच नहीं करेगी।
आज यहां अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड की अध्यक्षता में आगामी चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के सम्बन्ध में वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से एक बैठक आयोजित की गयी। जिसमें तय किया गया कि चारधाम यात्रा पर चलने वाले जिन व्यवसायिक वाहनों को परिवहन विभाग द्वारा ग्रीन कार्ड जारी किया गया है, उनके कागजातों की चेकिंग पुलिस द्वारा नहीं की जाएगी। निजी वाहनों से चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के वाहनों के कागजात हरिद्वार एवं देहरादून बार्डर पर ही चेक किये जाएंगे। आगे उनकी बार—बार चेकिंग नहीं की जाएगी। बैठक में यह भी तय हुआ है कि चारधाम यात्रा सीजन के दौरान यात्रा रूट पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रुप से संचालित किये जाने हेतु पुलिस उप महानिरीक्षक/निदेशक यातायात मुख्तार मोहसिन को नोडल अधिकारी बनाया गया है। चारधाम यात्रा रुट पर बोटल नेक चिन्हित्त कर परिवहन एवं लोकनिर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक चेतावनी बोर्ड लगाये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इसके साथ ही पर्यटन पुलिस चार—धाम यात्रा के दौरान अहम भूमिका निभायेगी। पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल्स, कम्यूनिकेशन स्किल्स का विशेष प्रशिक्षण कराया जाएगा, जिससे पर्यटन पुलिस अतिथि देवो भव भाव से यात्रियों को सुरक्षा व सुविधा प्रदान करने में सक्षम हो।
यात्रियों की सुविधा के लिए चारों धामों के कपाट खुलने की तिथि, मार्गों की स्थिति, जाम होने पर उसकी रियलटाइम स्थिति उत्तराखण्ड पुलिस की वेबसाइट और सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर साझा की जाएगी। यात्रा रूटों पर यातायात सुचारु रुप से संचालित किये जाने हेतु सभी जनपदों के पुलिस उपाधीक्षक यातायात को व्हाट्सएप ग्रुप बनाने हेतु निर्देशित किया, जिसमें समस्त जानकारी साझा की जाए। जल पुलिस को भी अत्याधुनिक आपदा उपकरणों से लैस किया जाएगा। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस संचार— अमित सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था— वी मुरूगेशन, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा— ए पी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, फायर— अजय रौतेला, पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र सहित जनपद प्रभारी देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रूद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, सेनानायक एसडीआरएफ व पुलिस उपाधीक्षक यातायात उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here