निगमों में भाजपा को बढ़त तो पालिका व नगर पंचायतो में कांग्रेस व निर्दलीयों का जलवा

0
495

  • 11 में से आठ निगमों में भाजपा को बढ़त, पहाड़ पर कांग्रेस और निर्दलीयों का दबदबा

देहरादून। उत्तराखंड निकाय चुनाव के लिए आज मतगणना जारी है। सौ निकायों के लिए हुए इस चुनाव में आज 5405 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। आज सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना के पहले चरण में मिले रुझानों से जो संकेत मिले हैं उसके अनुसार राज्य के बड़े नगर निगमों में भाजपा बढ़त बनाये हुए हैं वहीं पहाड़ी क्षेत्र की नगर पालिका और नगर पंचायतों में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना दबदबा बनाया हुआ है। 11 निगमाें में से आठ में भाजपा ने बढ़त बनाई हुई है जबकि दो पर कांग्रेस व एक पर निर्दलीय आगे है।
बात अगर राजधानी देहरादून की की जाए तो 100 वार्डो वाले इस सबसे बड़े निगम में महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी सौरभ थपलियाल पहले चक्र की मतगणना से बढ़त बनाए हुए हैं वहीं ऋषिकेश नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रत्याशी बढ़त बनाये हुए है। निर्दलीय प्रत्याशी मास्टर जी जिन्होंने इस चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया था दूसरे नंबर पर चल रहे हैं जबकि कांग्रेस तीसरे नंबर पर चल रही है। सूबे की एक और अन्य मेयर सीट पिथौरागढ़ जो कांग्रेस विधायक मयूख महर की बगावत और अपनी परिजन मोनिका महर को निर्दलीय चुनाव मैदान में उतारने के कारण चर्चाओं में बनी हुई थी यहां मोनिका महर बढ़त बनाए हुए है जबकि भाजपा प्रत्याशी दूसरे और कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लूंठी तीसरे नंबर पर चल रही है।
उधर चमोली से प्राप्त समाचार के अनुसार जनपद की कुल 10 निकायों में से 6 पर कांग्रेस बढ़त बनाये हुए है या कुछ सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। जबकि अन्य चार पर निर्दलीय प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। टिहरी की चंबा सीट पर कांग्रेस जीत चुकी है तथा हल्द्वानी और नैनीताल में भी कांग्रेस ने बढ़त बनाई हुई है। नैनीताल में कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सरस्वती खेतवाल आगे चल रही है जबकि हल्द्वानी सीट पर भाजपा प्रत्याशी ने पहले राउंड में बढ़त बना ली है लेकिन अभी मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र की मत पेटियंा नहीं खोली गई हैं। कांग्रेस नेता सुमित का कहना है कि कांग्रेस प्रत्याशी हल्द्वानी में बड़े अंतर से जीतेगा। उधर लाल कुआं सीट से निर्दलीय प्रत्याशी सुरेंद्र को विजयी घोषित किया जा चुका है। सतपुली में कांग्रेस नगर पंचायत अध्यक्ष सहित सभी सीटें जीतकर भाजपा को क्लीन स्वीप कर चुकी है। उत्तरकाशी से प्राप्त समाचार के अनुसार यहां पांच निकायों में कांग्रेस तथा द्वाराहाट, बड़कोट व चिन्यिालीसौंण में निर्दलीय प्रत्याशी जीत की ओर अग्रसर है। अल्मोड़ा के रानीखेत नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिल चुकी है। यहां अरुण रावत की जीत के साथ भाजपा प्रत्याशी की जमानत जप्त हो गई है। वही हरिद्वार नगर निगम मेयर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं साथ ही आठ सभासद जीत चुके हैं। मत पत्रों के जरिए हुए इस चुनाव में मतगणना के लिए 54 मतदान केंद्र बनाए गए हैं तथा धीमी रफ्तार से चल रही मतगणना के कारण देर रात तक ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस चुनाव में 11 महापौर, 43 नगर पालिका अध्यक्षों तथा 46 नगर पंचायत अध्यक्षों के साथ—साथ 1282 सभासदों का चुनाव होना है जिसके लिए कुल 5405 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। समाचार लिखे जाने तक 106 सभासदों के चुनाव नतीजे आ चुके थे जिसमें 23 निर्दलीय सभासद जीत दर्ज कर चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here