- पुलिस ने जिनकी बचाई जान, वही निकले बाइक चोर
टिहरी। बाइक चोरी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवकों द्वारा बाइक चोरी के बाद भागने के प्रयास में एक्सीडेट कर दिया था। जिन्हे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया था। बाद में पुलिस को पता चला था कि उक्त युवक ही बाइक चोर है।
जानकारी के अनुसार बीती 7 जून की रात थाना घनसाली पुलिस को सूचना मिली कि चम्पुवा मंदिर के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है तथा दो युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हैं। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे पाई गई। प्रथम दृष्टया मोटरसाइकिल का पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होना प्रतीत हुआ। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी बेलेश्वर, चमियाला भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। घायलों ने अपना नाम अनुज सिंह राणा निवासी खटीमा तथा साहिल सिंह निवासी खटीमा बताया।
वहीं अगले ही दिन 8 जून को स्थानीय निवासी वीर सिंह द्वारा थाना घनसाली में तहरीर देकर बताया गया कि उनकी बाइक बस स्टेशन घनसाली से चोरी हो गयी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पिछली रात्रि दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटरसाइकिल वही चोरी की गई मोटरसाइकिल थी तथा घायल हुए दोनों युवक ही उक्त चोरी की घटना में शामिल थे। चोरी की मोटरसाइकिल लेकर भागने के दौरान ही दोनों दुर्घटना का शिकार हो गए थे। जिस पर पुलिस टीम ऋषिेकेश एम्स पहुंची तो पता चला कि दोनों युवक पुलिस कार्रवाई के भय से अस्पताल से छुटृी लेकर फरार हो चुके हैं। जिसके बाद थाना घनसाली पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई तथा आरोपियों की तलाश हेतु सघन अभियान चलाया गया। अथक प्रयासों एवं प्रभावी सुरागरसी—पतारसी के फलस्वरूप बीती रात आरोपियों को बालगंगा डिग्री कॉलेज के पास चमियाला रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है।




