Home News Posts उत्तराखंड स्वच्छता के नाम पर ‘बड़ा खेल’

स्वच्छता के नाम पर ‘बड़ा खेल’

0
26
  • कन्वेयर बेल्ट के लिए ₹19.44 लाख का बजट
  • कन्वेयर बेल्ट के नाम पर लोहे के खाली ढांचे
  • सुलभ और कार्यदायी संस्था सवालों के घेरे में
  • शिकायती पत्र में भ्रष्टाचार,अव्यवस्था का खुलासा
  • यात्रा में भारी मात्रा में प्लास्टिक कूड़ा फेंका जा रहा

देहरादून। केदारनाथ यात्रा मार्ग के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में स्वच्छता व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। युवा नेता मोहित डिमरी ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सौंपे शिकायती पत्र में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का खुलासा किया है।
मोहित डिमरी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केदारनाथ यात्रा में प्रतिदिन भारी मात्रा में प्लास्टिक कूड़ा फेंका जा रहा है। यात्रा मार्ग पर प्लास्टिक कूड़े को एकत्रित करने और उसके उचित प्रबंधन की जिम्मेदारी ‘सुलभ इंटरनेशनल’ को दी गई थी। इसी उद्देश्य से सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर प्लास्टिक कचरा प्रबंधन हेतु कन्वेयर बेल्ट की स्थापना के लिए ₹19.44 लाख का बजट स्वीकृत हुआ था।
हैरानी की बात यह है कि निर्माण इकाई द्वारा कार्य पूर्ण होने के बोर्ड तो लगा दिए गए हैं, लेकिन मौके पर कन्वेयर बेल्ट के नाम पर सिर्फ लोहे के खाली ढांचे खड़े हैं। मोहित डिमरी ने कहा कि जब कूड़ा प्रबंधन की मशीनरी ही क्रियाशील नहीं है, तो सुलभ द्वारा एकत्रित किए जा रहे कचरे का निस्तारण कैसे होगा? यह सीधे तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग और तीर्थयात्रियों की आस्था के साथ खिलवाड़ है।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी को जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आदेश दिया है कि समिति मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करे और एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि भ्रष्टाचार या कार्य में लापरवाही की पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here