बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक भाई—बहन के बीच हुई कहासुनी ने बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया। बहसबाजी से गुस्साए भाई ने सरेआम धारदार हथियार से अपनी सगी बहन की गर्दन काट दी। फिर हाथ में कटा सिर लेकर आरोपी भाई थाने की ओर निकल पड़ा। तभी गांव वालों ने इसकी जानकारी फतेहपुर थाने की पुलिस को दी। लगभग एक किमी तक पहुंचते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कटे सिर के साथ दबोच लिया। गांव वालों का कहना था कि आरोपी रियाज के बहन का गांव के ही चांद बाबू से प्रेम—प्रसंग चल रहा था और कुछ दिनों पहले वह उसे अपने साथ भगाकर भी ले गया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने लड़की को बरामद करके उसके परिजनों की तहरीर पर चांद बाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे जेल भेज दिया था। गांव वालों ने बताया कि भाई रियाज अपनी बहन और चांद बाबू के संबंधों से नाराज चल रहा था। इसी के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुआ करती थी। आज भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी और गुस्से में आकर रियाज ने धारदार हथियार से बहन की गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।



