Home उत्तराखंड देहरादून अब कान्हा की नगरी

अब कान्हा की नगरी

0
41

भारतीय राजनीति में चुनावी मुद्दे कभी स्थायी नहीं होते, लेकिन कुछ मुद्दे ऐसे जरूर होते हैं जिन्हें राजनीतिक दल अपनी जरूरत के हिसाब से बार-बार जीवित कर देते हैं। अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भाजपा ने कान्हा की नगरी से अपनी चुनावी रणनीति को नई धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। मथुरा में हुई दो दिवसीय चिंतन बैठक ने साफ कर दिया है कि भाजपा आगामी चुनाव में विकास और सुशासन के साथ धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाने जा रही है। सवाल यह है कि आखिर चुनाव से पहले भाजपा को मथुरा की याद इतनी शिद्दत से क्यों आ रही है? क्या यह केवल धार्मिक आस्था का विषय है या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक गणित काम कर रहा है? दरअसल, भाजपा के सामने 2027 की चुनौती केवल सत्ता में वापसी की नहीं, बल्कि लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की है। पिछले चुनावों में पार्टी ने हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और मजबूत नेतृत्व के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत की। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण ने इस राजनीतिक विमर्श को नई ऊंचाई दी। काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास को भी इसी सांस्कृतिक राजनीति के विस्तार के रूप में प्रस्तुत किया गया। अब मथुरा के जरिए इस पूरी राजनीतिक परिकल्पना को एक और पड़ाव तक ले जाने की कोशिश दिखाई दे रही है। मथुरा की बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, समान नागरिक संहिता, विकास, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रवाद को चुनावी एजेंडे के प्रमुख विषयों के रूप में सामने रखा गया है। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण की काट तलाशने पर भी मंथन हुआ है। यानी भाजपा केवल धार्मिक मुद्दे को आगे नहीं बढ़ा रही, बल्कि उसके सहारे सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को भी नए सिरे से साधना चाहती है। इस रणनीति का एक दूसरा पहलू भी है। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को जिस तरह राजनीतिक झटका लगा, उसने पार्टी को यह सोचने पर मजबूर किया कि केवल अपने पुराने चुनावी नारों और संगठनात्मक ताकत के भरोसे आगे बढ़ना आसान नहीं होगा। विपक्ष ने संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और पीडीए के सवालों को जिस तरह चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाया, उससे भाजपा के सामने नई चुनौती खड़ी हुई। अब मथुरा के रास्ते इस विमर्श की दिशा बदलने की कोशिश की जा रही है। लेकिन राजनीति में प्रतीकों की भी एक सीमा होती है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण एक ऐतिहासिक घटना है। उससे जुड़ी जनभावनाओं और आंदोलन का अपना अलग संदर्भ रहा है। मगर हर चुनाव में धार्मिक प्रतीकों को ही राजनीतिक सफलता का सबसे प्रभावी हथियार मान लेना लोकतंत्र और विकास की व्यापक जरूरतों को सीमित करने जैसा होगा। जनता मंदिर और आस्था का सम्मान करती है, लेकिन वह रोजगार, महंगाई, किसानों की आय, शिक्षा, स्वास्थ्य और अपने भविष्य को लेकर भी जवाब चाहती है। भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह मथुरा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को राजनीतिक मुद्दा बनाने के साथ-साथ सरकार के कामकाज का हिसाब भी दे। उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी, युवाओं की आकांक्षाएं, किसानों की समस्याएं और स्थानीय स्तर पर शासन-प्रशासन से जुड़ी शिकायतें ऐसे सवाल हैं, जिन्हें केवल धार्मिक विमर्श के सहारे किनारे नहीं किया जा सकता। विपक्ष भी इस बार केवल भाजपा के एजेंडे पर प्रतिक्रिया देने के बजाय जनता के वास्तविक मुद्दों को चुनाव का केंद्र बनाने में सफल रहा तो मुकाबला दिलचस्प होगा। यह भी ध्यान रखना होगा कि श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व केवल मंदिर और धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं है। गीता का कर्मयोग, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, धर्म की स्थापना और लोककल्याण का संदेश उनकी व्यापक विरासत है। कृष्ण की धरती से राजनीति करने वाले दलों को उनके संदेश के इस पक्ष पर भी विचार करना चाहिए। धर्म यदि राजनीति को नैतिकता और जनकल्याण की दिशा देता है तो उसका स्वागत होना चाहिए, लेकिन यदि वह केवल चुनावी ध्रुवीकरण का औजार बनकर रह जाए तो उसकी सार्थकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। मथुरा में भाजपा का मंथन दरअसल 2027 के चुनाव से पहले अपने पुराने राजनीतिक हथियारों को नए सिरे से धार देने की कवायद है। पार्टी जानती है कि अयोध्या का राजनीतिक प्रभाव उसके लिए कितना महत्वपूर्ण रहा है। अब वह मथुरा को भी उसी व्यापक चुनावी विमर्श का हिस्सा बनाना चाहती है। मगर अयोध्या की सफलता को मथुरा में दोहराने की राजनीतिक गणित इतनी सरल नहीं है। हर चुनाव के मुद्दे, परिस्थितियां और मतदाताओं की अपेक्षाएं अलग होती हैं। आखिरकार लोकतंत्र में जीत केवल भावनाओं के सहारे नहीं मिलती, उसे जनता के भरोसे से हासिल करना पड़ता है। मंदिर का सवाल अपनी जगह है, लेकिन जनता के जीवन से जुड़े सवाल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। भाजपा यदि मथुरा के रास्ते जीत की तलाश कर रही है तो उसे यह भी समझना होगा कि मतदाता केवल आस्था से नहीं, अपने अनुभवों और अपेक्षाओं से भी मतदान करता है। मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भाजपा के लिए चुनावी संजीवनी बन सकता है, लेकिन सत्ता की राह केवल मंदिर के दरवाजे से होकर नहीं गुजरती। उस राह पर रोजगार, महंगाई, किसान, युवा और आम आदमी के सवाल भी खड़े हैं। 2027 में असली परीक्षा इसी बात की होगी कि भाजपा इन सवालों का जवाब देती है या एक बार फिर चुनावी विमर्श को आस्था के इर्द-गिर्द समेटने में सफल होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here