Home News Posts आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बीएलओ का शव मिलने से सनसनी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बीएलओ का शव मिलने से सनसनी

0
22
  • पति ने एसआईआर कार्य के दबाव को बताया वजह

बागेश्वर। कांडा थाना क्षेत्र स्थित बांसतोली गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) कमला देवी का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह कमला देवी रोज की तरह उठीं और पति पूरन राम के साथ चाय पी। इसके बाद उनके पति गोशाला में गाय का दूध निकालने चले गए। जब वह लौटे तो कमला देवी घर में नहीं थीं। तलाश करने पर उनका शव घर के समीप खेत में एक पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कांडा पुलिस मौके पर पहुंची। कांडा थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। मृतका के पति पूरन राम का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बीएलओ के रूप में मिल रहे कार्यभार और अधिकारियों के लगातार फोन कॉल के कारण उनकी पत्नी मानसिक तनाव में थीं। उनका कहना है कि कमला देवी को मतदाता सूची से जुड़े 88 नोटिस वितरित करने थे, जिनमें से कुछ नोटिस शेष रहने को लेकर वह लगातार चिंतित थीं। लोगों की नाराजगी और काम का दबाव भी उन्हें परेशान कर रहा था। पति का दावा है कि यही मानसिक तनाव इस दुखद घटना की वजह बन सकता है। वहीं, कपकोट विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनिल चन्याल ने पति के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कमला देवी ने बीएलओ के रूप में हमेशा सराहनीय कार्य किया। उन्होंने कभी भी किसी प्रकार के दबाव या तनाव की शिकायत नहीं की। अधिकारी के अनुसार, कमला देवी ने उन्हें सौंपे गए सभी 88 नोटिसों के वितरण का कार्य पूरा कर लिया था। यदि किसी प्रकार की समस्या होती तो वह उच्च अधिकारियों को अवगत करा सकती थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here