- उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव पद पर तैनात है आरोपी कार्मिक
देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक निजी सचिव पर अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला डोईवाला कोतवाली क्षेत्र का है। जहां विवाह के महज आठ महीने बाद सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी, जो पेशे से सरकारी शिक्षिका थीं, का विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के डोईवाला क्षेत्रांर्तगत हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म) निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है। मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सृष्टि को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत में कहा गया है कि पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू अक्सर उसे अपमानित करते थे और विभिन्न कारणों से परेशान करते थे।
परिजनों के अनुसार, शादी के लगभग तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था। बाद में उनका निधन हो गया। आरोप है कि किसी पंडित की बात का हवाला देते हुए ससुराल पक्ष ने सृष्टि को ट्टमनहूस’ कहना शुरू कर दिया और परिवार में हो रही हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाने लगा। इसके बाद उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना और बढ़ गई।
मृतका की मां सीमा कंडारी का कहना है कि जब काफी समय तक बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को सृष्टि के ससुराल भेजा। परिचित ने बताया कि सृष्टि की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। यह सूचना मिलने के बाद परिवार तत्काल देहरादून पहुंचा, जहां उन्हें पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने घटना की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी। पूछने पर उन्होंने व्यस्त होने का कारण बताया।
मृतका की मां सीमा कंडारी ने थाना डोईवाला में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ लिखित तहरीर देकर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की संवेदनशीलता और मुख्य आरोपी के उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत होने को देखते हुए जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



