हरिद्वार। सड़क दुर्घटना में देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक में आग लग गयी। जिसके चलते घायल हुए दोनों युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
सड़क हादसे का यह मामला बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव के समीप का है। जानकारी के अनुसार अलीपुर निवासी राहुल पुत्र रामवीर और राजकमल पुत्र राजेंद्र कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूरी पहले ही किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें तुरंत आग लग गई। आग की लपटों में घिरने पर वाहन की टक्कर से लगी गंभीर चोटों के चलते दोनों युवक खुद को बचा नहीं सके और मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह जलती हुई बाइक से दोनों युवकों के शवों को अलग किया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में अफरा—तफरी मच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बन गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर बहादराबाद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद मृतकों के पूरे अलीपुर गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।




