पीलीभीत। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक बस के पलट जाने से जहंा एक युवती की मौत हो गयी वही बीस लोग घायल हुए है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतका का शव कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहंा उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के नानकमत्ता सहित अन्य धार्मिक स्थलों में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस अनियंत्रित होकर जहानाबाद थाना क्षेत्र में बरेली—हरिद्वार हाईवे पर पलट गई। हादसे में बस में सवार बरेली निवासी दुर्गा (18 वर्ष) की मौत हो गई जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बस में करीब 60 श्रद्धालु सवार थे।
हादसा बरेली—हरिद्वार हाईवे पर गांव निसरा और सरदार नगर के बीच आज सुबह 3ः20 बजे के करीब हुआ। श्रद्धालुओं को ले जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ जुटी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। बस में सवार बरेली के मढ़ीनाथ चौपला निवासी दुर्गा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र के ही नन्हे पुत्र सोहनलाल, रमेश, अर्जुन, मनोज, प्रीति, वरुण, गीता, अनीता, विशाल, दिनेश, जमुना, ऋतिक आदि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों को जहानाबाद सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया है। सीएचसी के डॉक्टर सौरभ ने बताया कि हादसे में युवती की मौत हुई है। 20 घायलों में से सात को जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे की सूचना पर सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना।




