- प्रांतीय परिषद की बैठक में नाम की घोषणा
- सीएम ने फूलमाला पहनाकर दी बधाई
- भटृ बोले भरोसा जताने के लिए सबका आभार
देहरादून। राजधानी में आयोजित भाजपा की प्रांतीय परिषद की बैठक में आज केंद्रीय पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा द्वारा नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ के नाम की औपचारिक घोषणा के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव संपन्न हो गया है। महेंद्र भटृ के निर्विरोध दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई दी तथा भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
बीते कल इस पद के लिए किसी अन्य भाजपा नेता द्वारा नामांकन पत्र न भरे जाने के बाद महेंद्र भटृ के दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया था। आज हुई प्रांतीय परिषद की बैठक में उनके नाम की घोषणा का प्रस्ताव लाया गया। इस अवसर पर केंद्रीय प्रभारी दुष्यंत गौतम और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा भाजपा के सभी बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री तथा सांसदों सहित बड़ी संख्या में भाजपा के नेता मौजूद रहे।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान महेंद्र भटृ द्वारा भी भाजपा केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य तमाम नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने मुझ पर जो भरोसा जताया है मैं उसे पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में समन्वय और सामंजस्य बनाए रखना और सभी को साथ लेकर चलना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि वह पिछले 5 सालों से निरंतर संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं तथा उनका यह काम अब आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं जिसकी वह तैयारी पहले ही कर चुके हैं अब उनका टारगेट 2027 के चुनाव हैं उनकी कोशिश होगी कि लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बने। उन्होंने सहयोग के लिए और सम्मान के लिए सभी सूबे के नेताओं का आभार जताया।




