Home News Posts उत्तराखंड रंग-गुलाल और ढोल-नगाड़ों के साथ हुई प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार उभान की...

रंग-गुलाल और ढोल-नगाड़ों के साथ हुई प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार उभान की विदाई

0
1293




रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के प्राचार्य प्रोफेसर राजेश कुमार उभान के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के अवसर पर भव्य रंगारंग कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय परिवार द्वारा रंग और गुलाल लगाकर ढोल-नगाड़ों के साथ भावभीनी विदाई दी गई ।
विगत वर्ष 22 नवम्बर को इस महाविद्यालय में प्राचार्य का पदभार ग्रहण करने वाले प्रोफेसर राजेश कुमार उभान ने राजकीय सेवा में अपने गरिमामय 40 वर्ष पूर्ण कर स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है । आपकी राजकीय सेवा 7 फरवरी 1985 को राजकीय महाविद्यालय, उत्तरकाशी में वाणिज्य विभाग में प्राध्यापक पद पर नियुक्ति के साथ प्रारम्भ हुई । आपने दिनाँक 21 फरवरी 2016 से दिनाँक 11 मार्च 2019 तक राजकीय महाविद्यालय, पाबो, पौढ़ी गढ़वाल में प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन किया । इसके पश्चात आपने राजकीय महाविद्यालय , नरेन्द्रनगर , टिहरी गढ़वाल में दिनाँक 27 नवम्बर 2022 से 21 नवम्बर 2024 तक प्राचार्य पद की शोभा बढ़ाई और आपके नेतृत्व में राजकीय महाविद्यालय, नरेन्द्रनगर को नैक की बी प्लस ग्रेडिंग प्राप्त हुई । अपने विस्तृत सेवा काल में आपने उत्तरकाशी, ऋषिकेश, पाबो, पैठानी और रुद्रपुर महाविद्यालय में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी प्रोफेसर राजेश कुमार उभान ने अपनी दीर्घ सेवा अवधि में अध्यापन के अलावा विभिन्न प्रशासनिक और जिम्मेदारीपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए दिए गये दायित्वों का दक्षतापूर्वक निर्वहन किया ।
प्रोफेसर राजेश कुमार उभान की सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा कल एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई के इस अवसर पर प्रोफेसर राजेश कुमार उभान अपनी धर्मपत्नी श्रीमती मधुबाला उभान के साथ उपस्थित रहे । इस विदाई समारोह का संचालन महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ.शम्भू दत्त पाण्डेय द्वारा किया गया । कार्यक्रम की शुरुआत में समाजशास्त्र विभाग की छात्राओं ने प्राचार्य महोदय और उनकी धर्मपत्नी को अक्षत कुमकुम का टीका लगाकर स्वागत किया और उनकी आरती उतारी । इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने मिलकर एक बड़ी माला से प्राचार्य महोदय का माल्यार्पण कर स्वागत किया । स्वागत के इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग की छात्रा रश्मि तिवारी और पूजा रस्तोगी ने एक भावप्रवण स्वागत गीत प्रस्तुत किया । इसके पश्चात महाविद्यालय की महिला प्राध्यापिकाओं ने मिलकर प्राचार्य महोदय की धर्मपत्नी श्रीमती मधुबाला उभान को कुमाऊं का पारम्परिक पिछौड़ा ओढ़ाकर सम्मानित किया । इसी क्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने शाल ओढ़ाते हुए प्राचार्य महोदय का स्वागत किया । स्वागत के इस क्रम को जारी रखते हुए महाविद्यालय के विभिन्न प्राध्यापकों ने पुष्पगुच्छ देकर प्राचार्य महोदय का स्वागत किया और उनके भावी सुखमय जीवन की शुभकामना दी। इसके पश्चात महाविद्यालय परिवार द्वारा प्राचार्य महोदय को “स्मृतियों के वातायन से” की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति का एक स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया । इस प्रतीक चिन्ह में प्राचार्य महोदय के इस महाविद्यालय की कार्यावधि के दौरान महत्वपूर्ण गतिविधियों के छायाचित्रों का एक कोलाज प्रस्तुत किया गया है। इसके बाद महाविद्यालय परिवार द्वारा प्राचार्य महोदय को एक अभिनन्दन पत्र प्रदान किया गया जिसका वाचन इतिहास विभाग प्रभारी डॉ अपर्णा सिंह द्वारा किया गया। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रशानिक अधिकारी श्री मंजीत सिंह द्वारा इस अवसर पर प्राचार्य महोदय को कृपाण भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया । इसी क्रम में महाविद्यालय परिवार के विभिन्न प्राध्यापकों ने भी प्राचार्य महोदय को अलग से स्मृति चिन्ह भेंटकर अपनी भावनाएं प्रकट कीं। इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित कुमायूँ विश्वविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नागेन्द्र शर्मा ने प्राचार्य महोदय को अंगवस्त्र,पुष्पगुच्छ और मुकुट भेंटकर उनका अभिनन्दन किया । इस विदाई समारोह के अवसर पर उपस्थित छात्र छात्राओं ने भी प्राचार्य महोदय को पुष्पगुच्छ देकर प्राचार्य महोदय का स्वागत किया ।
इस विदाई कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के विभिन्न प्राध्यापकों ने प्रोफेसर राजेश कुमार उभान के साथ के अपने अनुभवों को सभी से साझा किया और रिटायरमेंट के पश्चात जीवन की दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने प्राचार्य महोदय की कर्मठता, कार्य के प्रति उनके समर्पण और महाविद्यालय के विकास के लिए उनकी दूर दृष्टि की सराहना की । सभी ने एक स्वर से इस बात को स्वीकार किया कि इतनी सीमित अवधि में महाविद्यालय का विकास के नए आयाम प्राप्त कर सकना मात्र प्राचार्य महोदय की सूझबूझ और और उनकी सकारात्मक कार्यशैली का परिणाम है । प्राचार्य प्रोफेसर राजेश कुमार उभान अपने उद्बोधन में इस महाविद्यालय के अपने कार्यकाल को लेकर बहुत भावुक रहे । आपने सभी के साथ इस महाविद्यालय के अपने खट्टे-मीठे अनुभव साझा किये। आपने महाविद्यालय के प्राध्यापकों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया तथा महाविद्यालय के विकास के लिए सभी से भविष्य में भी मिलजुल कर काम करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस विदाई समारोह में महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी और प्राध्यापक उपस्थित रहे ।
इस रंगारंग विदाई समारोह का आयोजन महाविद्यालय में जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रवीश त्रिपाठी और अर्थशास्त्र विभाग के डॉ.प्रद्युम्न रिछारिया के कुशल नेतृत्व में किया गया । विदाई समारोह के अंत में महाविद्यालय परिवार ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर प्रोफेसर राजेश कुमार उभान और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मधुबाला उभान के साथ रंग और गुलाल उड़ाते हुए नृत्य किया और उन्हें गाड़ी तक छोड़ने आए । इस अवसर पर नृत्य करते हुए भी ज्यादातर लोगों की आँखें एक निर्मल व्यक्तिव से विछोह की पीड़ा में सजल थीं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here