- हत्या, लूट और चोरी के कई मुकदमें है दर्ज
उधमसिंहनगर। घर में घुस कर हथियारों के बल पर लाखों की लूट करने वाले दो बदमाशों की देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गयी। पुलिस की जवाबी फायरिंग मेे दो बदमाश पैर में गोली लगने घायल हो गये। जिन्हे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार बीती 9 फरवरी को नानकमत्ता निवासी रईस अहमद ने थाना नानकमत्ता में तहरीर देकर बताया गया था कि उनके घर में घुसकर तीन हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। बताया कि लूट की इस घटना में बदमाश सोने चांदी के जेवरात और नगदी लूट ले गये है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गयी। मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई। गठित टीमों द्वारा घटना स्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित किया गया। इस बीच देर रात पुलिस को सूचना मिली कि उक्त घटना को करने वाले बदमाश आज पुनः उसी क्षेत्र में अपने साथी से अपने हिस्से का माल लेने आ रहे हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान चला दिया। इस दौरान पुलिस को बाइक सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हे रूकने का इशारा किया तो उनके द्वारा पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा भी फायर किया गया जिसमें अली जमा और जुबेर दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी हैं। उन दोनों के कब्जे से लूट की घटना से संबंधित ज्वेलरी और 2 तमंचे और कई कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में घटना में शामिल कुछ और लोगों के नाम भी प्रकाश में आए हैं जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।




