Home ताजा ख़बर 3 छात्रों की मौत के बाद दिल्ली नगर निगम ने 13 कोचिंग...

3 छात्रों की मौत के बाद दिल्ली नगर निगम ने 13 कोचिंग सेंटर किए सील

0
513


नई दिल्ली । दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने और इसमें फंसने से तीन छात्रों की मौत हो गई। घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि नगर निगम की एक टीम रविवार को ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में अवैध रूप से संचालित कई कोचिंग सेंटर के ‘बेसमेंट’ को सील करने पहुंची। रविवार देर रात तक जारी कार्रवाई के दौरान करीब 13 कोचिंग सेंटर सील किए गए। दिल्ली सरकार की ओर से जारी बयान में कहा है कि ये कोचिंग सेंटर नियमों का उल्लंघन कर बेसमेंट में संचालित हो रहे थे और उन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया। इन संस्थानों के गेट पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। एमसीडी के अफसरों के मुताबिक, ”संस्थान के मालिक की ओर से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने में घोर आपराधिक लापरवाही पाई गई है, क्योंकि ‘बेसमेंट’ में स्थित पुस्तकालय अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था और इसमें केवल एक ही प्रवेश और निकास द्वार था जो बायोमेट्रिक आधारित था और पानी के कारण बंद हो गया था।” वहीं इससे पहले दिल्ली फायर सर्विस के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने हादसे को लेकर कोचिंग सेंटर में लगे लोहे के गेट को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा कि यह गेट सड़क पर बहने वाले पानी को रोकने के लिए लगा था। सड़क से गुजर रहे एक ट्रक के दबाव की वजह से यह गेट टूट गया और सड़क पार बहता हुआ सारा पानी बेसमेंट में गिरने लगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here