लखनऊ। कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ जगहों से मामूली बात पर गुस्सा भड़कने और तोड़फोड़-मारपीट की खबरें आई हैं। इस बीच सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों से अपील की। उन्होंने कहा कि शिव भक्ति के साथ आत्म अनुशासन भी जरूरी है। सीएम ने कहा कि सुगम और सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए राज्य और केंद्र सरकार द्वारा राज्य में उचित व्यवस्था की गई है ताकि किसी को भी कोई समस्या न हो। कोई भी पूजा आत्म-अनुशासन के बिना संभव नहीं है। एक बयान में सीएम योगी ने कहा, ‘श्रावण मास प्रारंभ हो चुका है। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा जगविख्यात है। पूरे देश में और खास तौर पर उत्तर भारत में इस दौरान शिव भक्त महादेव के अनुष्ठान में लीन होकर सभी शिवालयों में जलाभिषेक के साथ अपनी असीम भक्ति का प्रदर्शन करते हैं। सीएम ने कहा, ‘ मैं सभी श्रद्धालुजनों से विनम्र अनुरोध करूंगा कि हम लोग भी शिव भक्त हैं। महादेव की असीम कृपा हमेशा बनी रही है और हादेव से यही प्रार्थना करते हैं कि उनकी कृपा हमेशा बनी रहे। शिव बनने के लिए शिव जैसी साधना भी चाहिए। उस प्रकार का आत्मानुशासन भी चाहिए। तब यह कांवड़ यात्रा न केवल श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक के रूप में बल्कि आम जन के व्यापक विश्वास के प्रतीक के तौर पर उभरेगी। जैसा कि हम आज माहौल देख रहे हैं।’



