नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देश को दुनिया में शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जापान से इंडिया घूमने आई एक महिला के साथ कुछ लफंगों ने होली के दिन ना केवल अभद्रता की, बल्कि उसके ऊपर जबरन रंग डाला। यहां तक कि एक युवक ने इस युवती के सिर पर अंडा तक फोड़ दिया। युवती इन लफंगों का विरोध करती रही, लेकिन किसी ने उसकी एक ना सुनी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया में यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके का ही है, लेकिन कब का है और इस समय कैसे वायरल हो रहा है, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है। फिलहाल पुलिस ने जापान एंबेसी को पत्र लिखकर पीड़ित युवती के बारे में जानकारी मांगी है।