चमोली/देहरादून। पार्थिव शरीर लेकर देहरादून से गांव लौट रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में जहंा तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी वहीं तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतको व घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सड़क हादसे का यह मामला चमोली जिले में आज सुबह देवाल ब्लॉक के ल्वाणी गांव के निकट घटित हुआ है। यहा एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बाँक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह पुत्र प्रेम सिंह, जिनका देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था, उनके पार्थिव शरीर को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से गांव ला रहे थे, बलबीर सिंह स्वयं वाहन से अपने परिजनों के साथ देहरादून से ग्राम बाँक, लोहाजंग अंतिम संस्कार हेतु लौट रहे थे, वाहन में कुल 6 व्यक्ति सवार थे, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को संभवतः नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान बलबीर सिंह पुत्र स्व. नारायण सिंह, निवासी ग्राम बाँक लोहाजंग, उम्र 52 वर्ष, शांति देवी पत्नी स्व. बलबीर सिंह, उम्र 48 वर्ष, आंशु बिष्ट पुत्र बलबीर सिंह, उम्र 18 वर्ष के रूप में की गयी है। वहीं घायलों में कविता देवी पत्नी खुशाल सिंह, उम्र 32 वर्ष, मयंक सिंह पुत्र खुशाल सिंह, उम्र 08 वर्ष, रोशनी पुत्री लक्ष्मण सिंह, उम्र 18 वर्ष शामिल है। सभी घायलों को उपचार हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा और सहायता देने का आश्वासन दिया है। घायलों के उचित इलाज के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।




