January 15, 2026देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में प्रातः 9ः30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड में माननीय राज्यपाल द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को मुख्य कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। पेयजल व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग को समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। एमडीडीए को शहर के प्रमुख स्थलों एवं शासकीय भवनों पर सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संस्कृति विभाग को शहीद स्थल पर विशेष सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सूचना, वन, ग्राम्य विकास, पर्यटन, शिक्षा, उर्जा, उरेडा, बालविकास, कृषि, स्वास्थ्य, संस्कृति आदि विभागों की झांकी आयोजित करने के सम्बन्ध में समय से सूचना प्रेषित करते हुए कार्यवाही प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर प्रोटोकॉल के अनुरूप अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त, समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों का सम्मान सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 25 एवं 26 जनवरी को सभी प्रमुख चौक-चौराहों एवं शासकीय भवनों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, 25 जनवरी को सायं 6 बजे से 9 बजे तक तथा 26 जनवरी को प्रातः 6 बजे से प्रातः 11 बजे तक प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। सस्कृति विभाग द्वारा 25 जनवरी को नगर निगम के टाउनहॉल में कवि सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरी, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
January 15, 2026देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरूवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न अवसरों पर शिलान्यास की गयी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत इन योजनाओं से सम्बन्धित भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी ली।मुख्य सचिव ने सम्बन्धित विभागों को इन परियोजनाओं की निरन्तर निगरानी कर निर्धारित समय पर पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो गयी हैं, परन्तु अभी लोकार्पण नहीं हुआ है, ऐसी परियोजनाओं का शीघ्र से शीघ्र लोकार्पण कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को परियोजना का उचित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि गतिमान परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए। इसके लिए सम्बन्धित विभाग प्रो एक्टिव होकर कार्य करें।मुख्य सचिव ने कहा कि एक से अधिक विभागों से सम्बन्धित परियोजनाओं को विभाग आपसी तालमेल के साथ समस्याओं का निस्तारण कर परियोजना को पूर्ण कराएं। उन्होंने नियोजन विभाग को भी प्रधानमंत्री के शिलान्यास से सम्बन्धित परियोजनाओं की नियमित रूप से मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने एमडी यूजेवीएनएल को लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना पर तेजी से कार्य करने हेतु केन्द्रीय जल आयोग को शीघ्र डिजाइन और शेड्यूल उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विभिन्न विभागों की 22015.76 करोड़ लागत की कुल 91 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिनमें से 18 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। 06 का लोकार्पण हो चुका है, 12 लोकार्पण होना अभी बाकी है। 73 परियोजनाओं का कार्य विभिन्न स्तरों पर गतिमान है, जिनमें से अधिकतर परियोजनाएं मार्च 2026 तक पूर्ण होने की सम्भावना है।इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव सचिव नीतेश कुमार झा, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. एस. एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर सचिव विनीत कुमार एवं नवनीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
January 15, 2026आईजी के कहने पर मुकदमा दर्ज पुलिस की घोर लापरवाही का नतीजा 12 दिन तक भटकता रहा पीडित परिवार देहरादून। युवक की संदिग्ध स्थित में मौत के मामले में 12 दिन तक पीडित पक्ष मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटकता रहा जिसके बाद आईजी के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। यह पुलिस की घोर लापरवाही का ही नतीजा है।उल्लेखनीय है कि इन्द्रेश नगर निवासी युवक प्रणव उर्फ हर्षित को कुछ लोग घायल अवस्था में इन्द्रेश हास्पिटल लेकर गये थे जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। जिसकी सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। अगले दिन युवक के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया। जिसके बाद शाम के समय मृतक के परिजन पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे। पीडित पक्ष का आरोप है कि जब वह पटेलनगर कोतवाली पहुंचे तो वहां पर मौजूद कोतवाल चन्द्रभान सिंह अधिकारी ने उनकी रिपोर्ट दर्ज करने से साफ इंकार कर दिया और इस घटना को दुर्घटना बताकर उनको वहां से चलता कर दिया। उनका आरोप है कि वह कई दिनों तक पटेलनगर कोतवाली के चक्कर लगाते रहे लेकिन पटेलनगर कोतवाल ने मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद वह आईजी के पास गये तो आईजी ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए फोन पर ही पटेलनगर कोतवाल को खरी खोटी सुनायी और मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये और मामले की जांच सीओ प्रेमनगर को सौंप दी। पीडित पक्ष का कहना है कि उनके बच्चे की मौत के बाद पटेलनगर कोतवाल ने कोई गम्भीरता नहीं दिखायी और उल्टे उनसे ही अभद्रता की गयी। जिसके बाद से उनका समाज पूरी तरह से आव्रQोशित दिखायी दे रहे हैं। उनका साफ कहना है कि कोतवाल के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये और उसको उसके पद से हटाया जाये। अगर ऐसा नहीं होता है तो वह अपने समाज के साथ सडकों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगे और उग्र आंदोलन पटेलनगर कोतवाल के खिलाफ किया जायेगा। इस को लेकर गत दिवस कैडिल मार्च भी निकाला गया था। इस पूरे मामले में पुलिस की घोर लापरवाही को देखते हुए आईजी ने भी गम्भीरता से लिया है। लेकिन पीडित पक्ष का साफ आरोप है कि कोतवाल चन्द्रभान अधिकारी ने इस मामले को दबाने का प्रयास किया है। इसकी भी जांच होनी चाहिए कि किस दबाव व कारणों से चन्द्रभान अधिकारी ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
January 15, 2026निष्पक्ष जांच के लिए 12 पुलिस कर्मियों का गढ़वाल रेंज में स्थानान्तरण देहरादून। ऊधमसिंह नगर के ग्राम पैगा, थाना आईटीआई निवासी सुखवन्त सिंह द्वारा दिनांक 10/11 जनवरी, 2026 की रात्रि काठगोदाम, हल्द्वानी में आत्महत्या किये जाने के प्रकरण में पुलिस मुख्यालय द्वारा उक्त प्रकरण से सम्बन्धित अभियोगों की गहन विवेचना हेतु पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ, नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।एसआईटी में पुलिस अधीक्षक चम्पावत, अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वन्दना वर्मा, निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, जनपद चम्पावत एवं उपनिरीक्षक मनीष खत्री, जनपद चम्पावत को सम्मिलित किया गया है। निष्पक्ष एवं पारदर्शी विवेचना के दृष्टिगत निलम्बित 3 उपनिरीक्षक, 1 अपर उ.नि., 1 मुख्य आरक्षी, 7 आरक्षी सहित कुल 12 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज में जनपद चमोली एवं रुद्रप्रयाग स्थानान्तरित कर दिया गया है। उक्त प्रकरण से सम्बन्धित सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो एवं मृतक द्वारा ई—मेल के माध्यम से की गयी शिकायत, जिसमें स्थानीय व्यक्तियों तथा जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस के अधिकारियों/कर्मियों के विरुद्ध कतिपय आरोप लगाये गये हैं, उक्त आरोपों के तथ्यों का विस्तृत परीक्षण कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही किए जाने हेतु भी निर्देशित किया गया है।
January 15, 2026हरिद्वार। धर्मनगरी में शराब तस्करी कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं जिसके पास से 300 पेटी अंग्रेजी शराब व तस्करी में प्रयुक्त 10 टायरा ट्रक बरामद किया गया है।मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए सीमांत थानों सहित समूचे जनपद में चलाए जा रहे सघन चैकिंग अभियान के क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस तथा सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी लण्ढौरा क्षेत्र में चैकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने विशेष इनपुट के आधार पर एक 10 टायरा ट्रक को रोककर ड्राइवर से मालुमात की तो ड्राइवर ने जानकारी दी की ट्रक के जरीए कैमिकल ले जाया जा रहा है। ट्रक ड्राइवर द्वारा की जा रही तमाम आनाकानी व बहानेबाजी के बाद भी जब पुलिस टीम ने ट्रक कंटेनर को चैक किया तो ट्रक के अंदर 300 पेटी शराब (हरियाणा ब्रांड सुपर जुबली स्पेशल व्हिस्की) बरामद हुई। ट्रक से भारी मात्रा में बरामद शराब के जखीरे के आधार पर आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया। जिसके खिलाफ कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह शराब वह चंडीगढ़ से लेकर हरिद्वार, गौरखपुर खुशीनगर होते हुए बिहार के लिए चला था लेकिन हरिद्वार में पुलिस की चैकिंग व बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित होने के चलते दूसरे रास्ते से जा रहा था। ड्राइवर का नाम रवि रंजन कुमार राय पुत्र लखिन्द्र राय निवासी सुन्दरपुर बिरियापुर थाना सकरा जिला मुजफ्फरपुर बिहार बताया जा रहा है।
January 15, 2026नैनीताल। सुबह सवेेरे एक युवक का रक्त रंजित शव मिलने से सनसनी फैल गयी। युवक का सिर कुचलकर उसकी हत्या की गयी है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मोके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार आज सुबह एक युवक का रक्त रंजित शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। बताया जा रहा है कि आज सुबह रामनगर के मोहल्ला गूलरघटृी के पास भगवान दास की चक्की के पीछे सिंचाई नहर के किनारे एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। कुछ ही देर में ये खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे।मामले की जानकारी मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार भी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त के प्रयास किए। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त समीर उर्फ लक्की उम्र 18 वर्ष निवासी आदर्श नगर कॉलोनी रामनगर के रूप में हुई। मामले की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे। मृतक के बड़े भाई इमरान ने बताया कि समीर बुधवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना के बाद समीर के परिजनों को रो—रोकर बुरा हाल है। इमरान ने आरोप लगाया कि उसके भाई की अज्ञात लोगों ने बेरहमी से हत्या की है और उसने पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक के बड़े भाई इमरान ने बताया कि समीर कल शाम से लापता था, आज सुबह उसका शव मिला है। हम चाहते हैं कि उसे मारने वालों को सख्त सजा मिले। इस मामले में रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।