पिथौरागढ़। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक टिप्पर वाहन के खाई में गिर जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ टीम ने मौेके पर पहुंच कर रेस्क्ूयू कर शव को बाहर निकाला। जिसका पोस्टमार्टम कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 7.20 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गुरना मंदिर से पहले एक टिप्पर वाहन खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही चौकी एचोली से उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी मय हमराही पुलिस बल के तत्काल मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन हेतु एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रेस्क्यू के दौरान पाया गया कि एक व्यक्ति मुख्य सड़क से लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ है, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की पहचान केशव सिंह बोरा निवासी ग्राम दुंगा टोली, पिथौरागढ़, उम्र लगभग 48 वर्ष के रूप में हुई है, जो उक्त टिप्पर वाहन का चालक था। प्रारंभिक जानकारी में ज्ञात हुआ कि वाहन चालक केशव सिंह बोरा कल दोपहर के समय वाहन में गिटृी भरकर लोहाघाट गया हुआ था तथा लोहाघाट से वापस आते समय यह दुर्घटना घटित हो गई। पुलिस द्वारा मृतक का पंचायतनामा भरकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जाँच जारी है।




