मुंबई। मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। गणेश आगमन समारोह के दौरान ‘भुलेश्वर चा राजा’ की विशाल प्रतिमा अचानक गिर गई। शनिवार रात भुलेश्वर के जय अंबे चौक में ‘भुलेश्वर चा राजा’ की गणेश प्रतिमा को आगमन समारोह के तहत पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक प्रतिमा गिर गई। प्रतिमा के नीचे और आसपास मौजूद कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और बचाव दल को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया
हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।




