- मामले में एक फरार, तलाश जारी
चमोली। पोखरी क्षेत्रान्तर्गत हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अंतर्राज्जीय गैंग के तीसरे सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है ंजिसकी निशानदेही पर पुलिस ने चुराया गया माल बरामद कर लिया है। चोरी की इस वारदात का एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बता दें कि बीते 8 दिसम्बर को अरुण बासकण्डी, निवासी ग्राम विशाल पोखरी द्वारा थाना पोखरी में तहरीर देकर बताया गया था कि हापला—गोपेश्वर मोटर मार्ग पर बामनाथ से आगे, टाटा कंपनी के कीमती विघुत एसीएसआर मूस कंडक्टर तार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गयी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरों की तलाश में लगी पुलिस टीम को इस मामले में पहली बड़ी सफलता उस समय प्राप्त हुई जब घटना के मुख्य आरोपी सलीम को बिजनौर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया किया कि उसने अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर हापला—गोपेश्वर मोटर मार्ग पर सड़क किनारे रखे कीमती विघुत तारों की चोरी की थी। 8 दिसम्बर की रात को जब वे तार चोरी कर रहे थे, तभी उन्हें पुलिस के आने की भनक लग गई थी। जिसके बाद उन्होने अपने वाहन पिकअप से मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन गाड़ी अचानक मौके पर ही बंद हो गई। पुलिस के पीछा किए जाने की आशंका से वे पिकअप वाहन को मौके पर ही छोड़कर, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। जिसके बाद उनके द्वारा भागने हेतु एक बाइक चोरी की गयी। जिसे पोखरी पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया था। पुलिस जाँच में यह तथ्य उजागर हुआ कि यह घटना किसी साधारण चोरी की नहीं, बल्कि पेशेवर अपराधियों के संगठित गैंग द्वारा अंजाम दी गई सुनियोजित आपराधिक वारदात है। इस गैंग में सलीम के साथ उसके साथी नदीम, शहजाद एवं दानिश शामिल हैं, जो बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से पहाड़ी क्षेत्रों में आकर चोरी एवं अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम देने के आदी हैं। उक्त चारों आरोपी शातिर, आदतन एवं संगठित अपराधी हैं, जिनके खिलाफ उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी एवं लूट के कुल 23 संगीन मुकदमे दर्ज है। इनकी लंबी आपराधिक कुंडली और गैंग के रूप में सक्रियता को देखते हुए थाना पोखरी पुलिस द्वारा चारों आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए कानूनी शिकंजा कसा गया। मामले में आरोपी सलीम की गिरफ्तारी के उपरांत, पुलिस द्वारा आरोपी शहजाद जो पूर्व से ही जिला कारागार बिजनौर में निरुद्ध था, को न्यायालय से वारंट—बी प्राप्त कर विधिवत निष्पादन की कार्यवाही की गई तथा उसे जनपद चमोली लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उक्त प्रकरण में थाना पोखरी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी, जब संगठित चोरी गिरोह के सक्रिय सदस्य दानिश पुत्र हमीद, निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरापी दानिश पूर्व में भी कोतवाली चमोली में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। जहाँ से जमानत पर रिहा होने के उपरांत फरार चल रहा था। जिसके बाद न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध गैर—जमानती वारंट (एनबीडब्लू) जारी किया गया था। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए कीमती बिजली के तारों को भी बरामद कर लिया है। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




