चमोली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने श्री बद्रीनाथ धाम (बैकुण्ठ धाम) के दर्शन कर प्रदेश की सुख—समृद्धि व खुशहाली की प्रार्थना की।
आज यहां उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने श्री बद्रीनाथ धाम (बैकुण्ठ धाम) के दर्शन किए। उन्होंने श्री बद्रीनाथ मन्दिर में विशेष पूजा—अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख—समृद्धि व खुशहाली के लिए प्रार्थना की। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) बद्रीनाथ धाम पहुंचे। वीआईपी हेलीपैड पर जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस के जवानों ने बेहतरीन सेरिमोनियल यूनिफॉर्म में उन्हें शानदार सलामी दी। राज्यपाल ने जवानों के उच्चकोटि के टर्नआउट व सटीक शस्त्र कवायद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। तत्पश्चात, राज्यपाल श्री बद्रीनाथ मन्दिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि—विधान से पूजा अर्चना की और भगवान बद्री विशाल से सम्पूर्ण राष्ट्र तथा उत्तराखंड राज्य की सुख—समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए मंगल कामना की। मंदिर परिसर में उपस्थित स्थानीय महिलाओं व श्रद्धालुओं ने राज्यपाल का अभिनन्दन किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। जिलाधिकारी चमोली द्वारा राज्यपाल को मास्टर प्लान के तहत श्री बद्रीनाथ धाम में विभिन्न चरणों में होने वाले निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी दी गयी।




