Home News Posts उत्तराखंड फरार हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

फरार हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

0
8

उधमसिंहनगर। रेशमबाड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आज सुबह पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25 वर्ष), पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, कोतवाली रुद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। रेशमबाड़ी हत्याकांड में पुलिस इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
आज सुबह पुलिस को मुख्य आरोपी के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। रेशमबाड़ी हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है। फिलहाल आरोपी का उपचार जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here