देहरादून। घर जा रहे युवक पर बार व पब के संचालक व कर्मचारियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीडित ने पुलिस को तहरीर दे दी लेकिन पुलिस ने अभी तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेसकोर्स निवासी तरूण वासन ने राजपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई वरूण वासन, सिद्धार्थ वासन, अभिषेक मगलानी व भावुक घई के साथ एक कार्यक्रम से वापस घर की तरफ जा रहे थे। वह जलपान के लिए रोमिया लेन में रूके। पार्किग में अत्याधिक भीड होने पर उसके द्वारा अपने भाई व अन्यों को वहीं उतारकर पिरामिड लेन के पीछे स्थित अपने निजी प्लाट पर वाहन पार्क करने के लिए जाने लगा तो गेट पर बार व पब के गार्ड व बाउंसर ने उसको रोक दिया और उसके साथ गाली गलौच करने लगे और कहने लगे कि यहां पर उनकी गाडियां खडी होती हैं। उसने उनको बताया कि अन्दर उसका अपना प्लाट है यहां पर भीड होने के कारण वह अपने प्लाट में गाडी खडी करने जा रहा है। जिसके बाद उन लोगों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसी दौरान बार के मालिक शर्मा भी वहां पर आ गया और उसने भी उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी। उसको बचाने के लिए जब उसका भाई सिद्धार्थ वहां पर आया तो उन्होंने उसको भी नीचे गिराकर बुरी तरह से पीटा और दोनों को खसीट कर अन्दर ले गये। जिसके बाद उसके परिचित उनको बचाने आये और बडी मुश्किल से उनको बाहर निकाला। उसने जब 100 नम्बर पर पुलिस को फोन किया तो उन्होंने कहा कि बुला ले पुलिस को हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड सकता है। उसके भाईयों ने किसी तरह उसको बडी मुश्किल से उनके चंगुल से बचाया और कार में डालकर उसको ले गये। रात्रि में कोई अस्पताल खुला ना होने के कारण उसने सुबह अपना मेडिकल कराया। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है।




