Home News Posts उत्तराखंड मनमौजी अधिकारियों पर कार्यवाही करेंः धामी

मनमौजी अधिकारियों पर कार्यवाही करेंः धामी

0
329
  • विधायक हरीश धामी ने लिखा विधानसभा अध्यक्ष को पत्र
  • आपदा काल में भी फोन नहीं उठाते हैं अधिकारी
  • विधायकों व मंत्रियों की नहीं सुनते तो जनता की क्या सुनेंगे

देहरादून। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से विधायक हरीश धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी को पत्र लिखकर जिले के अधिकारियों की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिले के अधिकारी आपदा के समय में भी विधायकों के फोन नहीं उठाते हैं, ऐसे में उनसे किसी भी सामान्य व्यक्ति के फोन उठाने या समस्या का समाधान करने की क्या उम्मीद की जा सकती है।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से ऐसे अधिकारियों के खिलाफ जनप्रतिनिधि अधिनियम के तहत कानूनी कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया है। उनका कहना है कि इन दिनों प्रदेश में आपदा का दौर जारी है लेकिन जिलाधिकारी तथा एडीएम व एसडीएम हमारे फोन तक नहीं उठाते हैं। कई—कई बार फोन मिलाने पर न तो फोन उठाए जाते हैं और न कोई रिटर्न कॉल की जाती है। जो अत्यंत थी खेदजनक है। उनका कहना है कि अगर किसी क्षेत्र में कोई अनहोनी घटना भी घटित हो जाए तब भी इन अधिकारियों को सूचना देने के लिए कोई माध्यम नहीं होता। उनका साफ कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा सभी जिलों के अधिकारियों को कितनी ही बार यह निर्देश दिए जा चुके हैं कि आपदा काल में उनके फोन बंद नहीं रहने चाहिए जिससे उन्हें हर घटना की सूचना तुरंत मिल सके।
हरीश धामी का कहना है कि मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों का इन अधिकारियों पर कोई असर नहीं है और न जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और प्रोटोकॉल पालन का कोई दबाव है। उन्होंने कहा कि मनमाने तरीके से काम करने वाले इन अधिकारियों को नोटिस जारी कर कारण पूछा जाना चाहिए तथा लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। यह कोई पहला मामला नहीं है विपक्ष ही नहीं सत्ता पक्ष के मंत्री व विधायक भी आए दिन इस तरह की शिकायतें मुख्यमंत्री से करते रहते हैं। मगर इन अधिकारियों पर मुख्यमंत्री के निर्देशों का भी कोई असर नहीं होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here