रांची। झारखंड में पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों का आंदोलन और तेज हो गया है। आज प्रदर्शनकारी छात्रों ने मार्च करते हुए विधानसभा की ओर कूच किया लेकिन पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए कई जगहों पर कांटों वाली बैरिकेडिंग की है। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए पानी की तेज बौछार भी की। इस दौरान एक छात्र पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़कर डांस करने लगे। जिसका वीडियो भी सामने आया है। इस दौरान भारी शोर होता रहा और प्रदर्शनकारी विधानसभा घेराव के लिए अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग तोड़ दी।
बता दें कि झारखंड में आज छात्र पेपर लीक मामले के अपना विरोध जताते हुए विधानसभा मार्च निकाल रहे हैं। सरकार के साथ कई राउंड की बातचीत हुई है, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने के कारण छात्र आज विधानसभा की ओर निकले हैं। पुलिस ने सुरक्षा सख्त कर दी है। धारा 163 लागू कर दी गई है। साथ ही सीएम आवास के बाहर धरने के लिए पहुंच बाबू लाल मरांडी समेत कई बीजेपी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जेपीएससी—जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा, जब तक सीबीआई से जांच की हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम कोई समझौता नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारी झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से ही आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस पानी की बौछार कर रही है, लेकिन हम इसका भी आनंद ले रहे हैं। यहां सबकुछ शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है, किसी तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, अभद्र नारेबाजी नहीं हो रही है, हिंदू—मुस्लिम नहीं हो रहा है।




