नैनीताल। सड़क दुर्घटना में देर रात कार और पिकप की जोरदार भिड़ंत के चलते कार सवार पांच लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हे अस्पताल पहुंचाया जहंा एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गयी जबकि अन्य का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग नये साल का जश्न मनाने बरेली से उत्तराखण्ड आये थे।
जानकारी के अनुसार बरेली रिछा से नव वर्ष का जश्न मनाने काठगोदाम आए युवकों की कार की खेड़ा गौलापार में पिकअप से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार पांच युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकलकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान रिजवान (28) की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार कार सवार रिछा निवासी मुजाहिद, इसरार, सनावर, अफजाल और रिजवान नया साल मनाने काठगोदाम आए थे। यहां से वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।




