देहरादून। पुलिस ने चोरी के लैपटॉप के साथ एक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली नगर पर नवीन पुंडीर पुत्र कबूल चंद्र पुंडीर निवासी घोसी गली कोतवाली नगर देहरादून द्वारा एक लिखित तहरीर दी कि चोरों द्वारा उनके घर से 02 लैपटॉप एचपी व डेल कंपनी के चोरी कर लिये गये हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना के खुलासे तथा गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा कोतवाली नगर पर पुलिस टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिये गये। निदेशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए घटना स्थल के आस—पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों की सहायता से संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई। प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी—पतारसी करते हुए स्थानीय तंत्र को भी सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में इस प्रकार के अपराधों में प्रकाश में आये लोगों का भौतिक सत्यापन करते हुए उनकी वर्तमान स्थिती के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई। पुलिस टीम द्वारा किये गये प्रयासों के परिणाम स्वरूप सांय चैकिंग के दौरान मिली सूचना पर एमजी टावर फरगर स्कूल के पास से घटना को अंजाम देन वाले प्रिंस कश्यप पुत्र विनोद कश्यप को उक्त घटना में चोरी किए गए एचपी व डेल कंपनी के लैपटॉप के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वो नशे का आदी है तथा अपनी नशे की आवश्यकतओं की पूर्ति के लिये उसके द्वारा उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। उक्त लैपटाप को बेचने की फिराक में था इससे पूर्व ही पुलिस टीम द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।




