इंदौर। मध्य प्रदेश के खरगोन में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खलघाट के पास पुल से सोमवार को महाराष्ट्र की बस नदी में जा गिरी। इस घटना में 15 लोगों की मौत हो गई। बस इंदौर से महाराष्ट्र के पुणे जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही धार और खरगोन का पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। खरगोन से कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, एसपी धर्मवीरसिंह भी पहुंचे हैं। नदी के बहाव में कई के बहने की आशंका है। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद बस को क्रेन के द्वारा निकाल लिया गया है। घटना सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के वक्त लोगों को बचाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे। दो नावकों को लेकर कुछ स्थानीय नाविक और गोताखोर सबसे पहले पहुंचे, जिसके बाद पुलिस का अमला पहुंचा। जिस पुल पर यह हादसा हुआ वह दो जिलों की सीमा पर बना हुआ है। नर्मदा नदी पर बना संजय सेतू पुल धार और खरगोन जिले की सीमा पर बना हुआ है। इसमें उत्तर छोर धार और दक्षिणी हिस्सा खरगोन जिले में आता है। पुल के 12 नंबर पोल के समीप बस रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नर्मदा के बीचो-बीच गिरी है।