Home News Posts उत्तराखंड जनता की पसंद हरीश पहले नम्बर पर, धामी दूसरे पर

जनता की पसंद हरीश पहले नम्बर पर, धामी दूसरे पर

0
678

सी वोटर का अजब—गजब सर्वेः सूबे में सरकार भाजपा की और मुख्यमंत्री कांग्रेस का
देहरादून। क्या 2022 के चुनाव में भाजपा लगातार दूसरी बार सरकार बना कर एक बार कांग्रेस तो एक बार भाजपा सरकार के मिथक को तोड़ने जा रही है? चुनाव सर पर हैं इसलिए यह सवाल हर एक उत्तराखंड वासी के जेहन में हो सकता है। इसी सवाल का जवाब ढूंढने के लिए अभी ए बी पी सी वोटर ने जो सर्वे किया है उससे तो यही संकेत मिलते हैं कि उत्तराखंड में भाजपा एक बार फिर सत्ता में आ सकती है।
सी वोटर के इस सर्वे में भाजपा को एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आने का अनुमान लगाया गया है। इस सर्वे के अनुसार भाजपा को 2022 के चुनाव में 43 फीसदी वोट मिलने के साथ 44 से 48 के बीच सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड विधानसभा की कुल 70 सीटों में से यदि इस अनुमान के अनुसार भाजपा को 40 सीटों से अधिक मिलती है तो वह बहुमत के जरूरी 36 के आंकड़े को आसानी से हासिल कर सकती है। जबकि कांग्रेस 23 फीसदी वोट पाकर 19 से 23 के बीच की सीटें जीतती दिख रही हैं। सी वोटर का यह सर्वे चुनाव से 5—6 माह पूर्व का सर्वे है इसलिए इस अनुमान की सारी सटीकता का भले ही कभी कोई दवा न किया जा सके लेकिन अगर यह सर्वे सच के आस पास भी रहता है तो यह कांग्रेस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। क्योंकि 2017 के विधानसभा चुनाव में उसे महज 11 सीटों पर ही जीत मिल सकी थी तथा भाजपा ने 57 सीटें जीतकर इतिहास रचा था। इस चुनाव में दो निर्दलीय प्रत्याशी भी जीत दर्ज कराने में सफल रहे थे।
सर्वे के अनुसार जोर शोर से चुनाव मैदान में उतरने वाली आम आदमी पार्टी भी कुछ खास करिश्मा करती नहीं दिख रही है। 6 फीसदी वोट प्रतिशत के साथ उसे जीरो से 4 सीटें तक मिलने की संभावना जताई गई है। जबकि अन्य के हिस्से में 4 फीसदी मतों के साथ दो सीटेें दी गई है। सर्वे से इस बात के साफ संकेत मिलते हैं कि आप के चुनाव मैदान में कूदने से कांग्रेस को भारी नुकसान होने जा रहा है अगर आप चुनाव मैदान में नहीं होती तो कांग्रेस भाजपा को टक्कर देने की स्थिति में आ सकती थी।
सर्वे की सबसे खास बात यह है कि कांग्रेस नेता हरीश रावत मुख्यमंत्री के तौर पर अभी भी नंबर वन पर हैं तीस फीसदी मतदाता उन्हें अगला मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं लेकिन यह तभी संभव है जब कांग्रेस सत्ता में आ सके। वहीं युवा सीएम पुष्कर सिंह धामी 22 फीसदी मतदाताओं की पसंद के साथ सीएम के रूप में दूसरे नंबर पर हैं। दून वैली मेल इस सर्वे की पुष्टि नहीं करता है वैसे भी अभी चुनाव में बहुत समय है तथा चुनावी समीकरण बदलते रहते हैं इसमें भी कोई संशय नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here