- 8 मोटर साइकिलें व बैटरी रिक्शा बरामद
- नशापूर्ति के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को देते थे अंजाम
हरिद्वार। वाहन चोरी मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो अंर्तराज्यीय शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी निशानदेही पर चुरायी गयी आठ बाइक व एक बैैटरी रिक्शा बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज थाना रानीपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पथरी रोड पुल तिराहे से 2 संदिग्ध लोगों अमन कुमार व अंकित को चोरी की अलग अलग बाइक के साथ दबोचा गया। जिनके सम्बन्ध में जानकारी करने पर मोटरसाइकिल स्पलेण्डर प्लस के सम्बन्ध में थाना—ई पुलिस स्टेशन गाजीपुर दिल्ली में मुकदमा व मोटरसाइकिल होण्डा लिवो के सम्बन्ध में थाना भिवानी सदर हरियाणा में मुकदमा पंजीकृत होने पाये गये। जिनकी निशांदेही पर चोरी की 6 अन्य मोटर साईकिले व एक ई— रिक्शा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनो आरोपी शातिर किस्म के हैं दोनो दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व हरिद्वार जैसे शहरों में भीड़ भाड़ वाली जगहों से वाहन चुराते थे। ज्यादातर स्प्लेंडर बाइक व पुरानी बाइक जिनके लॉक आसानी से खुल जाते हैं उनको टारगेट करते थे व चुराए वाहनों के नंबर प्लेट नहर में फेंक देते थे। दोनो आरोपी 12वीं फेल हैं। आरोपी अंकित आईटीआई का छात्र है। अमन द्वारा थाना नकुड जिला सहारनपुर से वर्ष 2022 में हत्या के प्रयास में भी जेल गया है जो जमानत पर बाहर आया था। दोनो आरोपी नशे के आदी हैं दोनो की आर्थिक स्थिति सही न होने के कारण दोनो अपनी नशे की लत पूरी करने व अपने महंगे शौक पूरा करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों से 8 मोटर साइकिलें व एक ई रिक्शा बरामद किया गया। जिनमें से एक बाइक गाजीपुर दिल्ली, दूसरी भिवानी हरियाणा व तीसरी यमुनानगर हरियाणा व ई रिक्शा कोतवाली नगर हरिद्वार से सम्बन्धित है। अन्य चोरी की मोटर साइकिलों के बारे में जानकारी ली जा रही है।




