लूटी गयी चेन व चाकू बरामद
दूसरा बदमाश फरार, तलाश जारी
हरिद्वार। मेडिकल स्टोर संचालक की चेन लूट मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक शातिर अंर्तराज्जीय चेन लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से लूटी गयी चेन का हिस्सा व एक चाकू बरामद हुआ है। हालांकि मामले में उसका दूसरा साथी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को सत्यशील वत्स निवासी शिवालिक नगर द्वारा थाना रानीपुर में तहरीर देकर बताया गया था कि रात लगभग 8 बजे उनके मेडिकल स्टोर (शील फार्मेसी) पर दो युवक मोटरसाइकिल से आए, एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में आया और सामान लेते समय अचानक झपटृा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीनकर ले गये, जिनका उनके द्वारा पीछा करने पर दोनों बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गयी। चेन लुटेरो की तलाश में लगी पुलिस टीम ने बीती रात एक सूचना के आधार पर बीएचईएल तिराहा बहादराबाद के पास से एक आरोपी अनमोल गर्ग पुत्र रजनीश गर्ग निवासी गांधी नगर, थाना नई मंडी, जनपद मुजफ्फरनगर उ.प्र. को धर दबोचकर उसके कब्जे से एक चाकू व लूटी गयी चेन का टुकडा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी एवं गैंगस्टर है, जो अपने साथी आशीष उर्फ पगला निवासी बुराड़ी, दिल्ली के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर क्षेत्र में लूट, चेन स्नैचिंग जैसी कई घटनाओं में संलिप्त रहे हैं, तथा आरोपी अनमोल गर्ग पूर्व में थाना मण्डावर जनपद बिजनौर से हत्या के मामले में जेल जा चुका है, और वर्तमान में जमानत पर बाहर था, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ पर ज्ञात हुआ कि दोनो आरोपी नशे के आदी हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अपराध करते हैं। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी एवं उसका फरार साथी आशीष उर्फ पगला घटना वाले दिन मुजफ्फरनगर से हरिद्वार आये एवं शिवालिक नगर क्षेत्र में रैकी की और अंधेरा होने पर मेडिकल स्टोर स्वामी को निशाना बनाकर घटना को अन्जाम दिया गया, और लूटी गयी चैन के एक टुकडे को आरोपी बेचने के लिये जा रहा था, गिरफ्तार आरोपी का साथी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




