आयकर विभाग को 6 साल बाद फिर आई मेरी यादः गोदियाल

0
423
  • भेजे 3 नोटिस और किया तलब

देहरादून। पौड़ी लोकसभा सीट पर हार के डर से भाजपा बौखला गयी है। लोकसभा चुनावों के दौरान आयकर विभाग द्वारा करीब छह साल बाद मुझे तीन नोटिस भेज कर तलब किया गया है। कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात पौड़ी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल द्वारा कही गयी।
उन्होने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा पौड़ी संसदीय सीट पर हार के डर से बौखला गई है और उनके द्वारा ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होने बताया कि इससे पहले वर्ष 2018 में भी आयकर विभाग ने उन्हे नोटिस जारी किया था। तब उनके बैंक खाते भी फ्रीज करा दिए गए थे। गणेश गोदियाल ने बताया कि वह बदरी केदार मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष हैं और तब उन्होंने केदारनाथ मंदिर में कराए गए लेजर शो का विरोध किया था। लेजर शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गुणगान किया गया था। जब कांग्रेस नेताओं ने ने आरोप लगाया था कि यह कार्रवाई लेजर शो का विरोध करने के चलते की गई है। तब आयकर विभाग ने बताया था कि गणेश गोदियाल पर आयकर के रूप में करीब 96 लाख रुपये का बकाया है और इसी क्रम में कार्रवाई की गई है।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल का उत्तराखंड से लेकर महाराष्ट्र तक कारोबार है। वर्ष 2017—18 के आसपास उनकी आयकर रिटर्न का असेसमेंट किया गया था। कुछ सूचनाएं भी मिली थीं। जिनके परीक्षण पर पता चला था कि गोदियाल को कुछ कंपनियों से धनराशि मिली थी। जिसे उन्होंने रिटर्न में खर्चे के रूप में समायोजित कर लिया था। हालांकि, वह खर्चों का स्पष्टीकरण नहीं दे पाए थे। उस दौरान यह बकाया राशि करीब 55 लाख रुपये थी। जो पेनाल्टी और ब्याज के साथ बढ़कर 96 लाख या इससे अधिक हो चुकी है। तब गणेश गोदियाल के रिटर्न का असेसमेंट देहरादून आयकर ने किया था। संभवतः अब उन्होंने अपना पैन महाराष्ट्र ट्रांसफर करवा लिया है।
कांग्रेसी नेता गणेश गोदियाल का कहना है कि वह हमेशा ईमानदारी के साथ आयकर जमा कराते रहे हैं। आयकर जो बकाया बता रहा है, उसका जवाब उनके पास है। पूर्व में भी वह आयकर अधिकारियों को जवाब दे चुके हैं। इसके बाद भी विवाद बना हुआ है। चुनाव के मौके पर इस तरह नोटिस भेजा जाना सिर्फ परेशान करने वाली बात है। वह इन बातों से परेशान होने वाले नहीं हैं। वह डटकर मुकाबला करेंगे और रुकेंगे नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here