देहरादून। विकासनगर के ग्राम कुंजा में आज सुबह हुई बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। जिस समय यह घटना हुई परिवार घर के अंदर ही सो रहा था। मकान गिरता देख वहां चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में परिवार बाल—बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार आज तड़के करीब साढ़े चार बजे अकबर पुत्र असगर निवासी ग्राम कुंजा ग्रांट अपनी पत्नी आश्मीन व 10 वर्षीय पुत्र समद के साथ घर के भीतर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि तभी गांव के बीच से होकर जाने वाली आसन नदी के पास एक बरसाती नाले के बहाव का रुख उनके घर की तरफ मुड़ गया। जिससे कुछ ही मिनटों में पानी ने पूरे घर को तहस—नहस कर दिया। घटना से घबराए परिजन उठ कर बाहर भागे। गनीमत रही कि मकान गिरने से पहले ही सभी सदस्य घर के बाहर आ गए थे। वहीं, नाले के पानी से कुंजा ग्रांट में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। कई घरों में पानी भरने से भारी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि गांव में चार कच्चे मकान में से दो गिर गए तो दो घरों में पानी भरने से भारी नुकसान हुआ है।
उत्तराखण्ड में मानसून के आने के साथ ही बारिश लगातार जारी है। जिसके कारण राज्य की कई सड़कें बंद हो चुकी है। जिन्हे खोलने के लिए मशीने लगायी गयी है। मौसम विभाग ने राज्य में 6 जुलाई तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।



