70 पेटी अवैध पटाखा व भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
हरिद्वार। भरी आबादी के बीच अवैध रूप से चलाये जा रहे पटाखे कारखाने का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से 70 पेटी अवैध पटाखे व 93 किलो बारूद भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज थाना कलियर पुलिस को सूचना मिली कि मुकरपुर में एक अवैध पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री संचालित की जा रही है जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ रखा है एवं वहंा कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने उक्त पटाखा फैक्ट्री पर छापेमारी की। छापे के दौरान भारी मात्रा में अवैध पटाखा बनाने के उपकरण भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बारूद एवं निर्मित पटाखों की पेटियां भी बरामद हुई। मौके पर मौजूद 2 व्यक्तियों से उक्त फैक्ट्री के संबंध में लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई भी दस्तावेज पेश करने में असमर्थ रहे। जिससे यह ज्ञात हुआ कि यह लोग बिना लाइसेंस के अवैध रूप से आबादी के बीच पटाखा निर्मित कर रहे हैं। इस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया एवं पटाखा फैक्ट्री, रॉ मैटेरियल को सील कर थाना कलियर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नोमान पुत्र सुलेमान निवासी मुखियालीपुर थाना लक्सर व सुहैल पुत्र मसव्वर निवासी वार्ड नंबर 4 कलियर बताया।




